हनुमान अंश फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग में उमड़ा श्रद्धा का माहौल
फिल्म शुरू होने से पहले हुआ हनुमान चालीसा का पाठ, दर्शकों ने लगाए जयकारे
सहारनपुर। राधा कुंज परिवार की ओर से महिलाओं और बच्चियों के लिए फिल्म ‘हनुमान अंश’ की विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन किया गया। फिल्म शुरू होने से पहले हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के प्रति अपनी आस्था और श्रद्धा प्रकट की।
फिल्म के दौरान सिनेमाघर में उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा। महिलाओं ने फिल्म को धार्मिक एवं सामाजिक दृष्टि से प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ समाज में सकारात्मक संदेश भी देते हैं।
फिल्म समाप्त होने के बाद उपस्थित लोगों को हनुमान जी के प्रसाद स्वरूप लड्डू वितरित किए गए। इसके बाद श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के जयकारे लगाए। महिलाओं और बच्चियों ने आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजकों और उपस्थित अतिथियों ने प्रधान भागीरथी तथा भद्रपुत्री अमन निजा का आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने कहा कि धार्मिक फिल्मों और इस प्रकार के सामूहिक आयोजनों के माध्यम से समाज में सकारात्मक, संस्कारपूर्ण और प्रेरणादायक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
विशेष स्क्रीनिंग में प्रधान भागीरथ शेट्टी, महामंत्री अमन तनेजा, मुरली खन्ना, गोपाल, योगेश मिगलानी, उमा अरोड़ा, निशा कालरा, ऋतु अरोड़ा, विनोद राठी, विनोद गर्ग, ताराचंद समेत अनेक लोग मौजूद रहे।
