जुमे की नमाज शांतिपूर्ण संपन्न, कलेक्ट्रेट में कड़ी सुरक्षा

जुमे की नमाज शांतिपूर्ण संपन्न, कलेक्ट्रेट में कड़ी सुरक्षा
पैदल मार्च करते डीआईजी एवं ड्रोन से निगरानी करती पुलिस।

डीआईजी समेत आला अधिकारियों ने संभाली सुरक्षा की कमान, ड्रोन से हुई निगरानी

सहारनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद प्रकरण के बाद शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर सहारनपुर में पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। जिले के संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख मस्जिदों और शहर के विभिन्न हिस्सों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। नमाज के बाद लोगों ने अमन-चैन और भाईचारे की दुआ मांगी।

कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से विशेष निगरानी में रखा गया। नमाज के दौरान पुलिस और पीएसी के जवानों की तैनाती रही। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया, जबकि ड्रोन कैमरों से भी क्षेत्र की निगरानी की गई। पुलिस-प्रशासन के अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

चौक फव्वारा स्थित जामा मस्जिद में भी कड़ी सुरक्षा के बीच जुमे की नमाज अदा की गई। मस्जिद के आसपास पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ आने-जाने वाले लोगों और आसपास के क्षेत्र पर नजर रखी गई। नमाज के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति सामने नहीं आई और नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

डीआईजी अभिषेक सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालते हुए विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल भी लगातार सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहे।

जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने भी सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अधीनस्थ अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

जुमे की नमाज को लेकर शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात रहा। भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख मस्जिदों और कलेक्ट्रेट के आसपास की गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रही। अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहे और ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की गई।

प्रशासन की ओर से लोगों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई। अधिकारियों ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा। जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली।

Leave a Reply