जुमा नमाज को लेकर पुलिस अलर्ट, डीआईजी ने दिए सुरक्षा के कड़े निर्देश

जुमा नमाज को लेकर पुलिस अलर्ट, डीआईजी ने दिए सुरक्षा के कड़े निर्देश
सहारनपुर में जुमा नमाज के मद्देनजर कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते डीआईजी अभिषेक सिंह।

सहारनपुर। आगामी जुमा नमाज के मद्देनजर सहारनपुर परिक्षेत्र में कानून-व्यवस्था और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह ने परिक्षेत्र के तीनों जनपदों के पुलिस प्रभारियों और सभी राजपत्रित अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

डीआईजी ने निर्देश दिए कि जुमा नमाज के दौरान सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहें और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। उन्होंने असामाजिक और अराजक तत्वों पर सतत निगरानी रखने तथा किसी भी संभावित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी प्रभावी रूप से दिखाई दे और किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।

बैठक में सोशल मीडिया की सघन मॉनिटरिंग पर भी विशेष जोर दिया गया। डीआईजी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली भ्रामक, भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री पर तत्काल संज्ञान लेते हुए नियमानुसार प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने अफवाहों पर विशेष नजर रखने और किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न होने देने के निर्देश भी दिए। पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र में स्थानीय लोगों से संवाद बनाए रखने और आपसी सौहार्द कायम रखने पर भी जोर दिया गया।

 

Leave a Reply