नगरायुक्त ने वार्ड 50 और 34 का किया निरीक्षण, अतिक्रमण व जलभराव पर दिए निर्देश

नगरायुक्त ने वार्ड 50 और 34 का किया निरीक्षण, अतिक्रमण व जलभराव पर दिए निर्देश
वार्ड 50 का निरीक्षण करते नगरायुक्त शिपू गिरि। साथ में क्षेत्रीय पार्षद अमित त्यागी।

सहारनपुर। नगरायुक्त शिपू गिरि ने बुधवार को वार्ड 50 हकीकत नगर और वार्ड 34 के पंजाबी बाग क्षेत्र का क्षेत्रीय पार्षदों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पार्कों के सौंदर्यीकरण, सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण और जल निकासी की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नगरायुक्त ने वार्ड 50 स्थित हकीकत नगर चौक के पार्क, वार्ड कार्यालय, धरना स्थल पार्क तथा जोनल कार्यालय के सामने स्थित पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों पार्कों के सौंदर्यीकरण के साथ क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सीएम ग्रिड के तहत बनाई गई सड़क के फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद अमित त्यागी मौजूद रहे।

वार्ड 34 के पंजाबी बाग क्षेत्र के कृष्णापुरम में निरीक्षण के दौरान पार्षद सुधीर पंवार ने नगरायुक्त को बताया कि कुछ लोगों ने रेलवे और पुलिस विभाग की भूमि पर अतिक्रमण कर रखा है। अतिक्रमण के साथ वहां कूड़ा-कचरा डाले जाने से जल निकासी अवरुद्ध हो रही है और क्षेत्र में गंदगी फैल रही है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए नगरायुक्त ने एसएसपी सहारनपुर और अंबाला मंडल के मंडलीय रेल प्रबंधक को पत्र भेजकर संबंधित विभागों की भूमि से अतिक्रमण हटवाने और उसे संरक्षित करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण जल निकासी बाधित होने से जलभराव की स्थिति बन रही है। वहीं, गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी हुई है।

नगरायुक्त ने अधिकारियों से नगर निगम की टीम के साथ संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर अतिक्रमण और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा जल निकासी व्यवस्था को सुचारु कराने में सहयोग करने को कहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी भूमि पर स्थायी अतिक्रमण की संभावना को देखते हुए प्रभावी कार्रवाई जरूरी है।

उल्लेखनीय है कि पार्षद सुधीर पंवार ने 8 सितंबर को हुई नगर निगम बोर्ड बैठक में भी कृष्णापुरम क्षेत्र में अतिक्रमण, गंदगी और जल निकासी बाधित होने का मुद्दा उठाया था।

 

Leave a Reply