17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, जन-जन तक पहुंचेंगी कल्याणकारी योजनाएं

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, जन-जन तक पहुंचेंगी कल्याणकारी योजनाएं

सहारनपुर, 10 सितंबर। जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकसित भारत-2047 के संकल्प से नागरिकों को जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम जनपद स्तर से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक आयोजित किए जाएंगे।

अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई। जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें सेवा दिवस, आशीर्वाद का दीया, मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा, नमो सेवा-अनकही कहानियां, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत संकल्प, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान तथा सेवा के रंग-राष्ट्र के संग सहित विभिन्न कार्यक्रम शामिल हैं।

अभियान के दौरान रक्तदान शिविर, दिव्यांग कल्याण कार्यक्रम, स्वास्थ्य जांच शिविर, श्रमदान और वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। विद्यालयों में विकसित भारत-2047 के विषय पर चित्रकला, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। इसके अलावा बाइक, साइकिल एवं पदयात्राएं निकाली जाएंगी तथा अखंड सेवा ज्योति की स्थापना की जाएगी।

सेवा सेतु अभियान के तहत विकासखंडों में सभी विभागों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। शिविरों में पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का मौके पर ही लाभ दिलाने की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के तहत ह्यूमन रंगोली के माध्यम से राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत के सपने को प्रदर्शित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि युवाओं और विद्यार्थियों को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने के लिए उन्हें व्यापक मंच उपलब्ध कराया जाए। इस दौरान ओरिएंटेशन एवं मोटिवेशन कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के सभी कार्यक्रम जनपद, तहसील, विकासखंड और ग्राम स्तर पर प्रभावी ढंग से आयोजित किए जाएं। कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को पूर्व सूचना देकर आमंत्रित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रमों को भव्य बनाने में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही न बरती जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, पीडी-डीआरडीए प्रणय कृष्ण सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply