‘राघव चड्ढा दिल्ली के वोटर कैसे बन गए’, SIR का जिक्र कर AAP का सवाल

‘राघव चड्ढा दिल्ली के वोटर कैसे बन गए’, SIR का जिक्र कर AAP का सवाल

आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने राघव चड्ढा का जिक्र कर चुनाव आयोग के फर्जीवाड़े का पर्दाफाश करने का दावा किया है. उन्होंने सवाल उठाया कि कैसे SIR प्रक्रिया के दौरान राघव चड्ढा का वोट जोड़ दिया गया? जबकि ड्राफ्ट SIR रोल में राघव चड्ढा का वोट ही नहीं था. दिल्ली में एसआईआर के दौरान नया वोटर कैसे बन गया. उन्होंने कहा कि जो प्रक्रिया राघव चड्ढा ने अपनाई है, वो हमें नहीं लगता है कि ये सामान्य प्रक्रिया है. ऐसा हमने कभी होते हुए नहीं देखा है.

सौरभ भारद्वाज ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, ”चुनाव आयोग फर्जीवाड़ा करता है, ये कोई बड़ी खबर नहीं है. देश के अधिकतर लोग ये बात जानते हैं कि कि चुनाव आयोग फर्जीवाड़ा कर रहा है. बीजेपी वाले कहते हैं कि सबूत दिखाओ. तो आज हम सबूतों के साथ इलेक्शन कमीशन का फर्जीवाड़ा दिखा रहे हैं.”

‘राघव चड्ढा ने कहा था पंजाब में उनका वोट कट गया’

दिल्ली के पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने राघव चड्ढा का जिक्र करते हुए कहा, ”आम आदमी पार्टी के एक सांसद हुआ करते थे राघव चड्ढा. जो पार्टी छोड़कर बीजेपी में भाग गए. तीन सितंबर को उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया और कहा कि उनका पंजाब में वोट कट गया है. हमने कहा कि जब आप पंजाब में रहते ही नहीं हैं तो आपका वोट वहां पर क्यों होगा? उन्होंने कहा कि दोबारा पंजाब में वोटर कार्ड बनाने की प्रक्रिया में लगेंगे.”

‘कैसे SIR के दौरान राघव चड्ढा का वोट जोड़ा गया’

सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा, ”चुनाव आयोग ने ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल जो 31 अगस्त को प्रिंट किए तो हमलोग दो चीजों से चौंक गए. पहला ये कि चुनाव आयोग ने राघव चड्ढा के पैतृक मकान, न्यू राजेंद्र नगर डबल स्टोरी बिल्डिंग, जहां ये सांसद बनने से पहले तक रहते थे, वहां का हमने इलेक्टोरल रोल देखा. उनका बूथ नंबर हमने निकाला. उसमें हमने देखा कि कितने वोटर्स हैं. तो पता चला कि 746 वोटर्स हैं. अब हमने राघव चड्ढा के नाम से ढूंढा. तो पता चला कि राघव चड्ढा का वोट दिल्ली में राजेंद्र नगर के पते पर बन गया है. सीरियल नंबर 747 है.”

आप नेता ने आगे सवाल किया, ”अब मैं ये नहीं समझ पा रहा हूं कि जब इलेक्टोरल रोल में 746 वोटर्स हैं और राघव चड्ढा खुद दावा कर रहे हैं कि मैं पंजाब का वोटर हूं और वहां का ही वोटर कार्ड दोबारा बनाऊंगा, तो दिल्ली में एसआईआर के दौरान ये नया वोटर कैसे बन गया. ये चुनाव आयोग हमें बता दे.”

राजेंद्र नगर के पते पर राघव चड्ढा वोटर कैसे बन गए- भारद्वाज

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और राघव चड्ढा से हमारा सवाल है कि आपका वोट राजेंद्र नगर डबल स्टोरी के पते पर कैसे बन गया जब एसआईआर की प्रक्रिया चल रही है. आपके बूथ पर 746 वोटर्स थे और आप 747वें वोटर कैसे बन गए? दिल्ली में जो 47 लाख लोग परेशान हैं कि उनका वोट कट गया, हम वो प्रक्रिया उनको भी बता देंगे क्योंकि प्रक्रिया तो सभी के लिए होती है.

Leave a Reply