‘उसकी मूंछें छोटी थीं…’ अखिलेश यादव ने मूंछों पर ताव देने वाले CO पर दिया बयान
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में सीओ सिटी के पद पर तैनात अशोक सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसमें वह मूंछ पर ताव लगाते हुए अखिलेश यादव को बताने की बात कह रहे थे. अब इसे लेकर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है.
लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब सपा चीफ अखिलेश यादव से इसे लेकर सवाल किया तो पूर्व सीएम अखिलेश ने कहा कि उसकी मूंछें छोटी थीं. हालांकि इस वीडियो को लेकर सीओ अशोक सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि उनके वीडियो को क्रॉप करके डाला गया है.
वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नई पीढ़ी और छात्रों को पार्टी से जोड़ने के लिए समाजवादी छात्र सभा के अभियान का ऐलान किया है. सपा चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि छात्र जागरूकता अभियान के तहत छात्र सभा के कार्यकर्ता विश्वविद्यालयों और कैंपस में जाएंगे और नई पीढ़ी के छात्रों को समाजवादी विचारधारा से जोड़ने का काम करेंगे.
अखिलेश यादव ने कहा कि नई पीढ़ी की सोच नई होती है, इसलिए नई सोच और नई विचारधारा के साथ छात्रों के बीच जाने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि कैंपस में छात्रों से मिलने वाले सुझावों को समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र में शामिल किया जाएगा.
‘PDA का मतलब प्रेम, दया और अपनापन’- अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने PDA को सामाजिक न्याय से जोड़ते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार पीड़ित, दुखी और अपमानित लोगों को जोड़ने का काम कर रही है. उन्होंने कहा कि PDA का मतलब केवल राजनीतिक समीकरण नहीं, बल्कि प्रेम, दया और अपनापनभी है. उन्होंने कहा कि PDA के लोगों को जोड़कर सामाजिक न्याय का राज स्थापित करने की दिशा में काम किया जाएगा. अखिलेश ने दावा किया कि इसमें किसी के साथ पक्षपात नहीं होगा और नकारात्मक राजनीति से दूर रहते हुए लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा.
समाजवादी छात्र सभा का संदेश बंधु राष्ट्र बनाने का होगा- अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग समाज में नफरत फैलाना चाहते हैं, उनके लिए समाजवादी छात्र सभा का संदेश बंधु राष्ट्र बनाने काहोगा. उन्होंने कहा कि Gen-Z और नई पीढ़ी के नए विचारों के साथ छात्र सभा युवाओं को जोड़ने का काम करेगी. उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद छात्र संघों के समूह बनाकर छात्रों को भविष्य में विदेशों में भी भेजने और दुनिया के अलग-अलग देशों में स्टूडेंट यूनियन के स्वरूप को समझने की दिशा में प्रयास किया जाएगा.
नीले रंग को लेकर क्या बोले अखिलेश?
अखिलेश यादव ने समाजवादी छात्र सभा के अभियान में नीले रंग को लेकर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि ब्लू कलर विचारधारा का रंग है और जीन्स को अन्याय के खिलाफ लड़ने वाले पहनावे के तौर पर देखा जाता है. उन्होंने कहा कि यह रंग लोगों को जोड़ने का प्रतीक है. अखिलेश ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी के लोग अक्सर रंगों से डरते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग भगवान के नाम पर चढ़ावा और चंदा चोरी करते हैं और ऐसे लोगों को उन्होंने ‘बहरूपिया’ बताया.
