यूपी हैंडबॉल एसोसिएशन की तकनीकी समिति के चेयरमैन बने प्रो. संदीप गुप्ता
एजीएम में हुआ समिति का गठन, सहारनपुर हैंडबॉल संघ के सचिव को मिली अहम जिम्मेदारी
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन की वार्षिक साधारण सभा (एजीएम) का आयोजन 5 सितंबर 2026 को लखनऊ स्थित के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में किया गया। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से एसोसिएशन के पदाधिकारियों, तकनीकी समिति के सदस्यों और हैंडबॉल खेल से जुड़े लोगों ने भाग लिया। इस दौरान प्रदेश में हैंडबॉल के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
एजीएम में उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन की तकनीकी समिति का गठन किया गया। इसमें जिला हैंडबॉल एसोसिएशन सहारनपुर के सचिव प्रो. संदीप गुप्ता को सीनियर तकनीकी समिति में शामिल करते हुए चेयरमैन की जिम्मेदारी सौंपी गई।
प्रो. संदीप गुप्ता ने बताया कि बैठक में सदस्यों ने उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के सचिव डॉ. आनंदेश्वर पांडे का पुष्पगुच्छ भेंट कर और माल्यार्पण कर स्वागत किया। सदस्यों ने प्रदेश में हैंडबॉल खेल को बढ़ावा देने के लिए संगठित प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन की आधिकारिक वेबसाइट और पोर्टल का भी विधिवत शुभारंभ किया गया। बैठक में प्रो. संदीप गुप्ता के साथ जिला हैंडबॉल एसोसिएशन सहारनपुर के उपाध्यक्ष सुनील कुमार भीम भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
प्रो. संदीप गुप्ता को तकनीकी समिति का चेयरमैन बनाए जाने पर मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. विमला वाई, जेवी जैन कॉलेज के प्राचार्य प्रो. बकुल बंसल, जिला ओलंपिक संघ सहारनपुर के अध्यक्ष संजय गर्ग, सहारनपुर मंडल ओलंपिक संघ के सचिव डॉ. अशोक कुमार गुप्ता, राम कुमार, सुधीर जोशी, जिला हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष योगेश कुमार, लाल धर्मेंद्र प्रताप, मुस्तकीम अंसारी, अरविंद कुमार समेत खेल प्रेमियों ने खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
