मस्जिद प्रकरण में प्रशासन ने उड़ाई कानून की धज्जियां: लाल बिहारी यादव
बोले- वर्तमान में अघोषित आपातकाल जैसे हालात, सपा लड़ेगी कानूनी लड़ाई
सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को गिराए जाने की कार्रवाई पर प्रशासन को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि मस्जिद ध्वस्तीकरण के दौरान कानून का पालन नहीं किया गया। उन्होंने कार्रवाई में शामिल अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता करते हुए लाल बिहारी यादव ने कहा कि कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को गिराने के मामले में पूजा स्थल (विशेष प्रावधान) अधिनियम, 1991 का उल्लंघन किया गया है। उन्होंने नगर मजिस्ट्रेट के आदेश पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह का आदेश पारित करने का अधिकार संबंधित अधिकारी को नहीं था।
उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 1947 से पहले अस्तित्व में रहे धार्मिक स्थलों की धार्मिक प्रकृति में बदलाव नहीं किया जा सकता। उनके मुताबिक, कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को गिराकर कानून की अवहेलना की गई है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस मामले को न्यायालय में ले जाएगी और कानूनी लड़ाई लड़ेगी।
सपा नेताओं को हाउस अरेस्ट किए जाने की आलोचना करते हुए यादव ने कहा कि वर्तमान में अघोषित आपातकाल जैसे हालात बने हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा कानून की अनदेखी की जा रही है।
कलेक्ट्रेट परिसर में मस्जिद के साथ पुराने कुएं को लेकर उठ रहे विवाद पर उन्होंने कहा कि पहले लोग इसी तरह के कुओं से पानी पीते थे। इसलिए कुएं को विवाद का मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए।
भाजपा पर निशाना साधते हुए लाल बिहारी यादव ने आरोप लगाया कि अयोध्या के राम मंदिर में चोरी के मामले से ध्यान भटकाने के लिए हिंदू-मुस्लिम विवाद को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सभी धर्मों के लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।
उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल कमिश्नर से मिलने पहुंचा था, लेकिन किन्हीं कारणों से कमिश्नर प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात नहीं कर सके। इसके बाद अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने प्रतिनिधिमंडल का ज्ञापन लिया। ज्ञापन में पूर्व की स्थिति बहाल करने तथा भड़काऊ पोस्ट करने वालों की जांच कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
इस दौरान सांसद इकरा हसन, हरेंद्र मलिक, पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान, विधायक आशु मलिक, उमर अली खान, एमएलसी किरणपाल कश्यप, सपा जिलाध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
