किसान सम्मान निधि बढ़ाकर 12 हजार करने की मांग, भाकिसं का धरना

किसान सम्मान निधि बढ़ाकर 12 हजार करने की मांग, भाकिसं का धरना
सहारनपुर में सिटी मैजिस्ट्रेट को ज्ञापन देते भाकिसं के पदाधिकारी।

सहारनपुर। किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ (भाकिसं) जिला सहारनपुर के नेतृत्व में सोमवार को एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष चौधरी अनिल महला के नेतृत्व में किसानों ने सरकार से मांगों का जल्द समाधान कराने की मांग की। प्रदर्शन के बाद पदाधिकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।

धरने को संबोधित करते हुए भारतीय किसान संघ के प्रांत संगठन मंत्री सुनील ने कहा कि महंगाई और खेती की बढ़ती लागत को देखते हुए किसान सम्मान निधि की राशि छह हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये वार्षिक की जानी चाहिए। इससे किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी।

जिलाध्यक्ष चौधरी अनिल महला ने कहा कि सरकारी योजनाओं के लिए किसानों की जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है, जबकि जमीन का सर्किल रेट बाजार भाव की तुलना में काफी कम है। उन्होंने मांग की कि किसानों की जमीन का अधिग्रहण बाजार भाव के अनुरूप सर्किल रेट निर्धारित करने के बाद ही किया जाए। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई।

जिला कार्यालय मंत्री ने कहा कि किसानों के निजी नलकूपों की बिजली निशुल्क किए जाने के बावजूद कनेक्शनों पर मीटर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने नलकूपों पर मीटर लगाने की कार्रवाई तत्काल रोकने और अधिकारियों की जनसुनवाई व पब्लिक डीलिंग में सुधार की मांग की।

जिला सहमंत्री परीक्षित लाखनौर ने बजाज शुगर मिल पर किसानों के गन्ने का बकाया भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने बकाया राशि का तत्काल भुगतान कराने और मिल प्रबंधन के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि भुगतान होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

भाकिसं पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि किसानों की मांगों का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। धरने में मोनू सैनी, देवेंद्र प्रधान, राजकुमार, दीपक त्यागी, बिट्टू चौधरी, संजय, अमरीश राणा, धर्मपाल, रणवीर राठौर, विशाल शर्मा, मोहित मास्टर, अरविंद, काला राणा, चरण सिंह प्रधान, ठाकुर राजपाल, किरण पाल, कंवरपाल सैनी, भूपेश चौधरी, सतपाल चौधरी, वीरेंद्र चौरा, रामपाल, इसम सिंह, प्रदीप चौधरी, अमरीश प्रधान, धर्मपाल शर्मा, परीक्षित चौधरी, विनीत, कुलदीप, मदनपाल, सोनू, सुशील, रमेश, मनोज पंवार, कप्तान सिंह, अजीत सिंह, अनुज, लक्ष्मण, मोहित चौधरी, अमित त्यागी, बिशु त्यागी समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply