बच्चों को शरारत से रोकने पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, पांच घायल
लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले, दो घायलों को हायर सेंटर रेफर किया
देवबंद। नगर के मोहल्ला दुद्धा में बच्चों को शरारत करने से मना करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला दुद्धा निवासी आमिर और मोहम्मद शमीम पक्ष के लोगों के बीच रविवार देर रात विवाद हुआ। बताया गया कि दोनों पक्ष मस्जिद से नमाज पढ़कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बच्चों को शरारत करने से मना करने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई।
कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते उनके बीच मारपीट शुरू हो गई और लाठी-डंडों के साथ तेज धारदार हथियार भी चलने लगे। संघर्ष में एक पक्ष के आमिर और कामिल, जबकि दूसरे पक्ष के मोहम्मद शमीम, मोहम्मद गुलशेर और मोहम्मद शमशेर घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए दो घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
विवेचक रोबिल्स कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
