कलेक्ट्रेट परिसर की मस्जिद तोड़े जाने पर इमरान मसूद ने जताया रोष
धार्मिक स्थल तोड़ा जाना दुर्भाग्यपूर्ण, हाईकोर्ट में लड़ेंगे कानूनी लड़ाई; लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील
सहारनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को ध्वस्त किए जाने के मामले में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कड़ा रोष जताया है। उन्होंने धार्मिक स्थल को तोड़े जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस मामले को लेकर वह हाईकोर्ट का रुख करेंगे और कानूनी प्रक्रिया के तहत मस्जिद के मुआवजे की मांग भी की जाएगी।
शनिवार को पूर्व मंत्री सरफराज खान के आवास पर पत्रकारों से बातचीत में इमरान मसूद ने कहा कि वह इस मामले को लाभ-हानि के नजरिए से नहीं, बल्कि धार्मिक स्थल को तोड़े जाने के रूप में देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति या समुदाय के धार्मिक स्थल को तोड़ा जाना उचित नहीं है।
सांसद ने कहा कि इस मामले में पूरी मजबूती के साथ कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी और जल्द ही हाईकोर्ट में याचिका दायर की जाएगी। उन्होंने लोगों से संयम और धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि इस लड़ाई को सड़क पर नहीं, बल्कि कानून के दायरे में लड़ा जाएगा।
इमरान मसूद ने कहा कि यदि इस मुद्दे को सड़कों पर उठाया गया तो इससे माहौल खराब हो सकता है। इसलिए सभी लोग शांति बनाए रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं, बल्कि मानवीय दृष्टिकोण से लड़ी जाएगी।
उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों को इस तरह तोड़ा जाना समाज के लिए गलत संदेश देता है। इस मामले में सामाजिक स्तर पर भी सभी लोगों को सामूहिक रूप से आवाज उठानी चाहिए, लेकिन कानूनी प्रक्रिया का पालन करना सबसे महत्वपूर्ण है।
सांसद ने दावा किया कि उनके पास मामले से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज मौजूद हैं। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर हाईकोर्ट में मजबूती से पक्ष रखा जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि कानूनी लड़ाई के जरिए न्याय मिलेगा और मस्जिद के लिए मुआवजा भी हासिल किया जाएगा।
इस दौरान एमएलसी शाहनवाज खान, पूर्व महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा, जिला उपाध्यक्ष सरदार चंद्रजीत सिंह निक्कू, हमजा मसूद, संदीप वर्मा और डॉ. राजीव अंजुम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
