बिजनौर में जिंदा लोगों का रास्ता तो बदहाल था ही, शव भी कीचड़ से होकर गुजरने को मजबूर
मुस्सेपुर में जलभराव ने खोली विकास की पोल, शवयात्रा का वीडियो प्रसारित होने पर उठे सवाल
मोहम्मद अरशद,भागुवाला (बिजनौर)
जनपद बिजनौर की तहसील नजीबाबाद के ग्राम मुस्सेपुर में बारिश के बाद बदहाल रास्ते ने एक बार फिर ग्रामीणों की परेशानी सामने ला दी। बीमारी के चलते गांव के चौकीदार 58 वर्षीय जयपाल सिंह की मौत के बाद अंतिम संस्कार के लिए निकली शवयात्रा को पिंडस्थल तक पहुंचने के लिए कीचड़ और जलभराव से होकर गुजरना पड़ा। शवयात्रा का वीडियो प्रसारित होने के बाद गांव की सड़क और जलनिकासी व्यवस्था को लेकर पंचायत स्तर पर कराए जा रहे विकास कार्यों पर सवाल उठने लगे हैं।
गांव से पिंडस्थल की ओर जाने वाला मार्ग काफी समय से खराब बताया जा रहा है। बारिश होते ही मार्ग पर पानी भरने के साथ कीचड़ हो जाता है। ऐसे में पैदल आवागमन तो मुश्किल होता ही है, शवयात्रा और किसानों के खेतों तक आने-जाने में भी परेशानी होती है।
ग्रामीण छतरपाल सिंह के अनुसार बारातघर से पुलिया तक सड़क की स्थिति बेहद खराब है। पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण मार्ग पर लंबे समय तक जलभराव बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को लेकर ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ।
शवयात्रा की तस्वीरें सामने आने के बाद ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब ग्राम पंचायतों में सड़क, सीसी खड़ंजा, नाली, जलनिकासी और स्वच्छता जैसे बुनियादी कार्यों के लिए बजट उपलब्ध कराया जाता है, तो गांव का प्रमुख संपर्क मार्ग इस हालत में क्यों है।
ग्रामीणों ने मार्ग की मरम्मत के साथ जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने और पंचायत स्तर पर कराए गए विकास कार्यों की गुणवत्ता व प्राथमिकता की जांच कराने की मांग की है।
