कुतुबशेर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायलावस्था में दो बदमाश किए गिरफ्तार, तीसरा फरार
सहारनपुर। थाना कुतुबशेर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लूट के मामले में फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों को घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया। जबकि तीसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सामान एवं नगदी, अवैध तमंचा मय जिंदा व खोखा कारतूस एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता हासिल कर ली।
मिली जानकारी के अनुसार थाना कुतुबशेर पुलिस थाना प्रभारी संतोष कुमार त्यागी, उपनिरीक्षक अजय पाल सिंह व उपनिरीक्षक भूपेश शर्मा के नेतृत्व में ग्राम हौजखेड़ी चैराहे पर चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन व्यक्ति ग्राम भाऊपुर की ओर से आते हुए दिखाई दिए। संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार व्यक्तियों को रूकने का इशारा किया तो मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी तथा मोटरसाइकिल को ग्राम भाऊपुर की तरफ मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया तो कुछ दूरी पर जाकर बदमाशों की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़ी। नीचे गिरे बदमाश खड़े होकर जंगल की ओर फरार होने लगे। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ फायरिंग की जिसमें दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए जिन्हें पुलिस ने बल प्रयोग कर गिरफ्तार कर लिया। जबकि तीसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने काफी देर काम्बिंग की परंतु उसका कहीं कुछ पता नहीं चल सका।
दबोचे गए घायल बदमाशों की पहचान राहुल पुत्र सुरेंद्र निवासी ग्राम नगराजपुर थाना कोतवाली देहात एवं अंकित पुत्र अतर सिंह निवासी ग्राम पहलवानपुर थाना सरसावा के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान एक मोबाइल वादी का पर्स, दो तमंचे मय दो जिंदा व तीन खोखा कारतूस 315 बोर, 4500 रूपए की नगदी व घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली। दबोचे गए घायल बदमाशों ने पुलिस को पूछताछ के दौरान बताया कि हम दोनों नशा करने के आदी हैं जिसे पूरा करने के लिए हम छोटी-मोटी चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। आरोपियों ने बताया कि 31 अगस्त को हम तीनों ने ग्राम भाऊपुर के जंगल में नए बाईपास पर स्कूटी सवार दो व्यक्तियों से लूटपाट कर 14 हजार रूपए, दो मोबाइल फोन छीन लिए थे। आज हम तीनों किसी घटना को अंजाम देने के लिए ग्राम भाऊपुर आ रहे थे तभी पुलिस से हमारी मुठभेड़ हो गई और हमें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
