‘G और J में ही फंसा देंगे S और P तो…’, अखिलेश पर जयंत चौधरी का हमला

‘G और J में ही फंसा देंगे S और P तो…’, अखिलेश पर जयंत चौधरी का हमला

राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर अनोखे अंदाज में निशाना साधते हुए हमला बोला है. सहारनपुर में एक कार्यक्रम के दौरान सियासी बयानबाजी का दौर देखने को मिला. सपा चीफ का नाम लिए बिना जयंत चौधरी ने ABCD के बहाने निशाना साधा है.

आरएलडी चीफ ने सपा चीफ अखिलेश यादव को लेकर जनता से कहा, “यह भूलना नहीं इन्होंने क्या-क्या शब्दावली इस्तेमाल की है. ABCD के बाद भी कुछ आता है. E,F,G. G फॉर गन्ना और J फॉर कहने की जरूरत नहीं है सबको मालूम है. तो हम तो यहां G और J में ही फंसा देंगे. S और P तो आने ही वाला नहीं है.” उन्होंने आगे कहा, “इसके बाद कुछ कहने की जरूरत मुझे नहीं है. जवाब जनता खुद देगी. ”

पहले भी ABCD के जरिए साध चुके हैं निशाना

बता दें कि जयंत चौधरी इससे पहले भी ABCD के जरिए निशाना साध चुके है. बीते दिनों लखनऊ के कार्यक्रम में उन्होंने ABCD के जरिए अहंकार, भ्रष्टाचार, चोरी और धोखाधड़ी की बात कही थी. उन्होंने कहा कि राजनीति में मुद्दा अहंकार, भ्रष्टाचार, चोरी और धोखाधड़ी का होना चाहिए. उन्होंने इसे ‘एबीसीडी’ बताते हुए कहा कि समाज के लोगों ने सभी का सम्मान करना सीखा है.

अखिलेश यादव पर लगाया था जाति आधारित राजनीति का आरोप

उन्होंने अखिलेश की जाति आधारित राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ लोग हर मुद्दे में जाति तलाश रहे हैं और सोशल मीडिया पर ‘ट्विटर-ट्विटर’ का खेल-खेल रहे हैं. उन्होंने दो टूक कहा कि आरएलडी उत्तर प्रदेश को जाति का अखाड़ा नहीं बनने देगा. यह पीडीए नहीं पीड़ा और बौखलाहट है. इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित सम्मान समारोह में जयंत चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव द्वारा पीडीए को लेकर की जा रही राजनीति दरअसल ‘पीड़ा और बौखलाहट’ है.

उन्होंने कहा कि राजनीति को जातीय संघर्ष का मंच बनाने के बजाय समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने की जरूरत है. जयंत चौधरी ने कहा, ”कुछ लोग झगड़ों को भी राजनीतिक चश्मे से देखते हैं और राजनीतिक रोटियां सेंकने की बात करते हैं. चौधरी चरण सिंह ने हमें सभी का आदर करना सिखाया है. वह जातिवाद की राजनीति नहीं करते थे. वह समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ाना चाहते थे.

Leave a Reply