2027 में बनेगी सपा की सरकार, सहारनपुर की जरूरतों के मुताबिक होगा विकास: अखिलेश
सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, स्वास्थ्य सेवाओं और भ्रष्टाचार समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद सहारनपुर की स्थानीय जरूरतों और यहां की आर्थिक एवं सामाजिक परिस्थितियों के अनुरूप विकास योजनाएं तैयार की जाएंगी।
सपा सुप्रीमों अखिलेश यादव आज महानगर पहंुचे, राष्ट्रीय महासचिव रूद्रसेन व पूर्व विधायक मनोज चैधरी तथा पूर्व सांसद हाजी फजुर्रहमान के आवास पर पहुंचे। इस दौरान उन्होने पत्रकारों से वार्ता करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि अखिलेश यादव ने अयोध्या में मंदिर के चढ़ावे की चोरी के मामले को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि बड़े लोगों को क्लीन चिट दे दी गई है तो सामान्य कर्मचारियों को जेल क्यों भेजा गया। उन्होंने सवाल किया कि सेवा करने वाले कर्मचारियों को जेल भेजने का क्या औचित्य है। अखिलेश ने कहा कि मंदिर में रखे चढ़ावे की चोरी को लोग माफ नहीं करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में रामधन की सुरक्षा को लेकर ऐसी घटना दोबारा नहीं होगी।
सपा प्रमुख ने अयोध्या के विकास कार्यों को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या सिटी के विकास के नाम पर बड़े पैमाने पर धन खर्च किया गया, लेकिन यदि सही तरीके से काम होता तो अयोध्या विश्वस्तरीय शहर के रूप में विकसित हो सकती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के साथ जमीनों से जुड़े मामलों और मुआवजे को लेकर भी लोगों में असंतोष रहा, जिसका असर चुनाव परिणाम में देखने को मिला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अयोध्या को इस तरह विकसित किया जाएगा कि देश-दुनिया से आने वाले लोगों को वह विश्वस्तरीय शहर के रूप में नजर आए। सहारनपुर को खेल और खिलाड़ियों के लिए जागरूक क्षेत्र बताते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में खेलों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल सुविधाओं के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना भी जरूरी है। सपा सरकार बनने पर जरूरत के अनुसार स्टेडियम, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और स्पोर्ट्स सिटी विकसित करने की बात उन्होंने कही।
आरक्षण के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि ष्आरक्षण था, आरक्षण है और आरक्षण रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा आरक्षण के पक्ष में जितना बोलती है, उसके सहयोगी विचारधारा वाले लोग उतना ही आरक्षण खत्म करने की कोशिश करते नजर आते हैं। उन्होंने जातीय जनगणना का समर्थन करते हुए कहा कि सभी वर्गों की आबादी की गणना होनी चाहिए और आबादी के अनुपात में लोगों को उनका हक और सम्मान मिलना चाहिए। कर्मचारी राज्य बीमा चिकित्सा सेवाओं से करोड़ों रुपये की दवाइयां चोरी होने के सवाल पर अखिलेश यादव ने सरकार से ऐसे मामलों को गंभीरता से लेने की मांग की। उन्होंने दवाइयों की बढ़ती कीमतों और डोज का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले 500 एमजी की दवा से काम चल जाता था, जबकि अब 650 एमजी की जरूरत पड़ रही है। उन्होंने पूर्व में सामने आए फर्जी दवाइयों के मामलों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में भ्रष्टाचार की संस्कृति बन गई है।
सहारनपुर के प्रसिद्ध वुड कार्विंग कारोबार और कारीगरों के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर जिले की जरूरतों के अनुसार योजनाएं तैयार की जाएंगी। कारीगरों को प्रशिक्षण देकर उनकी तकनीकी दक्षता बढ़ाने, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ कारोबार के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने जरूरत के अनुसार सब्सिडी और ऐसी योजनाएं लागू करने का भरोसा दिलाया, जिनका सीधा लाभ कारीगरों और कारोबारियों को मिल सके। सेना भर्ती और युवाओं के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने अग्निवीर व्यवस्था खत्म कर सेना में स्थायी भर्ती की व्यवस्था बहाल करने की पैरवी की। उन्होंने सहारनपुर में चल रही अग्निवीर भर्ती के दौरान युवाओं को दौड़ और अन्य प्रक्रियाओं में होने वाली परेशानियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ना जरूरी है। सपा सरकार के कार्यकाल में कई स्थानों पर स्टेडियम और खेल सुविधाएं विकसित की गई थीं। भविष्य में युवाओं के लिए खेल, रोजगार और सेना में स्थायी नौकरी के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
