यूपी चुनाव 2027 के लिए BJP का ‘मिशन मोड’, योगी बोले- ‘जो सो रहे हैं, जाग जाएं’, स्मृति ईरानी ने बताया डिजिटल प्लान

यूपी चुनाव 2027 के लिए BJP का ‘मिशन मोड’, योगी बोले- ‘जो सो रहे हैं, जाग जाएं’, स्मृति ईरानी ने बताया डिजिटल प्लान

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को पूरी तरह चुनावी मोड में लाने की तैयारी तेज कर दी है। सोमवार को लखनऊ में आयोजित बीजेपी की कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं को सीधे जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियां पहुंचाने का संदेश दिया। वहीं राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी ने विपक्ष के डिजिटल नैरेटिव का मुकाबला करने के लिए संगठन के सामने एक खास रणनीति रखी।

योगी बोले- ‘जो सो रहे हैं, जाग जाएं’

कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं को चेताते हुए कहा कि “जो सो रहे हैं, वे जाग जाएं।” उन्होंने कहा कि विपक्ष Gen-Z, Gen Alpha और राम मंदिर जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहा है। ऐसे में बीजेपी कार्यकर्ताओं को सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की पूरी जानकारी के साथ जनता के बीच जाना होगा।

योगी ने साफ कहा कि सिर्फ सरकार के काम के दम पर चुनाव नहीं जीता जा सकता। संगठन को लगातार जमीन पर सक्रिय रहना होगा। सरकार ने जो काम किए हैं, उनकी जानकारी जनता तक पहुंचाने के साथ विपक्ष के आरोपों का तथ्यात्मक जवाब देना भी जरूरी है।

Gen-Z और Gen Alpha पर भी फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष बच्चों के भविष्य, शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों को लेकर सरकार पर सवाल उठा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के सामने 2017 से पहले और वर्तमान शिक्षा व्यवस्था के बीच अंतर रखा।

योगी ने कहा कि बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों की पहले की स्थिति किसी से छिपी नहीं थी, लेकिन बीजेपी सरकार ने स्कूलों के कायाकल्प और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए बड़े स्तर पर काम किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन बदलावों को नई पीढ़ी और उनके परिवारों तक पहुंचाने को कहा।

एक्सप्रेसवे और RRTS को बनाया उपलब्धियों का आधार

सीएम योगी ने सरकार की प्रमुख परियोजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे और देश की पहली रैपिड रेल RRTS जैसी परियोजनाओं को सरकार की उपलब्धियों के तौर पर गिनाया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि सरकार के इन कामों की चर्चा सिर्फ पार्टी कार्यालयों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इन्हें बूथ स्तर तक जनता के बीच ले जाना होगा।

स्मृति ईरानी ने बताया BJP का ‘डिजिटल प्लान’

कार्यशाला में स्मृति ईरानी ने विपक्ष के डिजिटल नैरेटिव का जवाब देने के लिए संगठन को नया तरीका सुझाया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर विपक्ष के नैरेटिव का मुकाबला केवल भाषणों के जरिए नहीं किया जा सकता। इसके लिए सरकारी योजनाओं के वास्तविक लाभार्थियों की ‘सक्सेस स्टोरी’ जनता के सामने लानी होगी।

उन्होंने संगठन को उत्तर प्रदेश के 27 हजार से अधिक शक्ति केंद्रों से कम से कम 10-10 सफलता की कहानियां तैयार करने का लक्ष्य दिया।

इनमें पीएम आवास योजना से घर पाने वाले परिवार, ODOP से लाभान्वित कारीगर, मुद्रा योजना से कारोबार शुरू करने वाले उद्यमी और ऑपरेशन कायाकल्प से बदले स्कूलों के विद्यार्थियों की कहानियां शामिल होंगी।

लाभार्थियों के वीडियो से होगा प्रचार

बीजेपी की रणनीति इन लाभार्थियों के करीब एक मिनट के वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित करने की है। यानी चुनावी प्रचार में नेताओं के भाषणों के साथ अब आम लाभार्थियों की अपनी कहानी को भी प्रमुख हथियार बनाने की तैयारी है।

पार्टी का मकसद इन वीडियो के जरिए सीधे जनता तक यह संदेश पहुंचाना है कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का जमीन पर किस तरह असर हुआ है।

सरकार और संगठन में बेहतर तालमेल पर जोर

स्मृति ईरानी ने प्रदेश अध्यक्ष और संगठन के पदाधिकारियों से कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संवाद बनाए रखने को कहा। उन्होंने केंद्र सरकार के 13 अभियानों को प्रभावी तरीके से चलाने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की समस्याओं और सुझावों को सुना जाना चाहिए। जहां किसी मामले में सरकार की मदद की जरूरत हो, वहां संगठन और सरकार को मिलकर उसका समाधान निकालना चाहिए।