ब्याज की छूट का लाभ उठाने को 413 ने किया आवेदन
सहारनपुर। गृहकर, जलकर व सीवरकर बकाया पर ब्याज से छूट पाने के लिए नगर निगम की एक मुश्त समाधान योजना का लाभ उठाने के लिए अभी तक मात्र 413 भवन स्वामियों ने आवेदन किया है। 47 भवन स्वामियों ने अपना बकाया जमा कराते हुए छूट का लाभ उठाया है। जोन-2 में वार्ड 23 किशनपुरा के 40 भवनों का आज एक साथ कुल बकाया दो लाख, 23 हजार 880 रुपये जमा किया गया।
कर अधीक्षक सुधीर शर्मा ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि शासन के निर्देश पर गत 15 अगस्त से शुरु की गयी एक मुश्त समाधान योजना का भवन स्वामी अधिक से अधिक लाभ उठा सके, इसके लिए नगरायुक्त के निर्देश पर राजस्व टीमें घर-घर जाकर लोगों को बकाया टैक्स जमा कराने के लिए प्रेरित कर रही हैं। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ उठाने के लिए अभी तक 413 भवन स्वामियों ने आवेदन किया है। प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अभी तक कुल 47 भवन स्वामियों ने अपना बकाया जमा कराते हुए ब्याज की छूट का लाभ उठाया है। इन 47 लाभार्थियों में से 41 लोगों ने आज ही धनराशि जमा करायी है। उन्होंने टैक्स बकायादारों से योजना का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि 15 अगस्त से शुरु की गयी यह योजना 15 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगी, लेकिन योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदन 14 नवंबर तक ही स्वीकार किये जायेंगे।
कर अधीक्षक ने बताया कि वर्तमान वर्ष की टैक्स डिमांड पर 20 प्रतिशत की छूट का लाभ 30 सितंबर तक देय है। उन्होंने बकायेदारों से अपील की कि वे शीघ्रातिशीघ्र टैक्स जमा कराकर 20 प्रतिशत का लाभ उठाएं।
