अग्निवीर भर्ती रैली स्थल का लगातार दूसरे दिन मेजर जनरल मनीष कुमार ने किया निरीक्षण
सहारनपुर। डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली का मेजर जनरल मनीष कुमार, वाईएसएम, एसएम, एडिशनल डायरेक्टर जनरल (एडीजी), रिक्रूटिंग जोन लखनऊ ने लगातार दूसरे दिन निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया के संचालन और अभ्यर्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मेजर जनरल मनीष कुमार ने अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग, दस्तावेजों की जांच, शारीरिक दक्षता परीक्षा, प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं सहित भर्ती प्रक्रिया के विभिन्न चरणों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और प्रभावी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए। मंगलवार को बुलंदशहर जनपद की बुलंदशहर एवं खुर्जा तहसील के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित हुई। इसके लिए कुल 1,182 अभ्यर्थियों को रनिंग के लिए बुलाया गया था, जिनमें से 1,065 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। रनिंग परीक्षा में 815 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की। दौरे के दौरान भर्ती रैली में तैनात सैन्य एवं नागरिक अधिकारियों ने मेजर जनरल मनीष कुमार को भर्ती प्रक्रिया की प्रगति और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय की सराहना करते हुए भर्ती प्रक्रिया को निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित करने पर जोर दिया।
