पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया पौधारोपण

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया पौधारोपण
सहारनपुर में पौधारोपण करते कांग्रेस कार्यकर्ता।

सहारनपुर। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर बुधवार को कांग्रेस महानगर सेवादल अध्यक्ष एवं कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष चन्द्रजीत सिंह निक्कू तथा कांग्रेस की पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सुखविंदर कौर के संयुक्त नेतृत्व में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम रेलवे मैदान के पास तथा एन कॉलोनी में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर चन्द्रजीत सिंह निक्कू और सुखविंदर कौर ने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी को भारत में संचार क्रांति का जनक माना जाता है। उन्होंने देश को आधुनिक तकनीक की दिशा में आगे बढ़ाने के साथ ही युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देकर युवा शक्ति को लोकतांत्रिक व्यवस्था में मजबूत भूमिका प्रदान की। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने अपने कार्यकाल में भारत का मान-सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ाया। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अनुज शर्मा और सलमान इदरीसी ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के साथ ही श्रीलंका में शांति सेना भेजकर आतंकवाद के खिलाफ अपने मजबूत इरादे दुनिया के सामने रखे। उनके अल्प कार्यकाल में भारत ने विकास और आधुनिकता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाए।