साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई को लेकर पुलिस ने कसी कमर

साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई को लेकर पुलिस ने कसी कमर

सहारनपुर। साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों के बीच सहारनपुर पुलिस ने पीड़ितों को त्वरित सहायता और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए साइबर सेल की कार्यप्रणाली को और मजबूत करने पर जोर दिया है। शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन की अध्यक्षता में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण को लेकर महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई।

एसएसपी अभिनंदन ने कहा कि साइबर अपराध से संबंधित प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और पीड़ित की मदद में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने साइबर अपराध के बदलते तरीकों और नई चुनौतियों की जानकारी रखने के साथ ही तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग, संबंधित इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर भी जोर दिया। बैठक में साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों पर तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई, पीड़ितों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराने तथा साइबर ठगी में गई धनराशि को तत्काल होल्ड अथवा फ्रीज कराने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

अधिकारियों को लंबित साइबर अपराध के मामलों की गहन विवेचना करते हुए उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए टीमों को लगातार अपडेट रहने और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सहारनपुर पुलिस ने साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक नगर व्योग बिंदल, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मंयक पाठक,  क्षेत्राधिकारी साइबर, प्रभारी साइबर थाना, प्रभारी साइबर क्राइम, प्रभारी साइबर सेल सहित जनपद के सभी थानों पर नियुक्त साइबर सेल प्रभारी एवं उनकी टीमों ने प्रतिभाग किया।

Leave a Reply