डीएम ने नवोदय विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, बच्चों के भोजन की खुद जांची गुणवत्ता
सहारनपुर। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान ने पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, मिर्जापुर, अम्बेहटा चांद का औचक निरीक्षण कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक, आवासीय, भोजन, पेयजल और खेल सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मेस में पहुंचकर बच्चों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता को स्वयं परखा। किचन में खाद्य सामग्री की एक्सपायरी डेट जांचने के साथ फ्रिज में रखी सामग्री की स्थिति और साफ-सफाई भी देखी।
डीएम ने विद्यालय प्रशासन को निर्देश दिए कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। खाद्य सामग्री की खरीद, भंडारण और भोजन तैयार करने तक विशेष सावधानी बरती जाए तथा मेस को हमेशा साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखा जाए। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं, इसलिए उनकी शिक्षा के साथ स्वास्थ्य और पोषण का ध्यान रखना भी विद्यालय प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके बाद जिलाधिकारी ने पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने पानी की नियमित जांच कराने और उसकी रिपोर्ट के अभिलेखीकरण के लिए अलग रजिस्टर रखने का सुझाव दिया। बालक एवं बालिका छात्रावासों में पहुंचकर उन्होंने कमरों की स्थिति, साफ-सफाई, पेयजल और अन्य सुविधाओं का भी जायजा लिया तथा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
डीएम ने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों की कॉपियां भी देखीं और रसायन विज्ञान की कॉपियों का निरीक्षण किया। कक्षा छह के नवप्रवेशित विद्यार्थियों से उन्होंने आत्मीय बातचीत करते हुए घर की याद, माता-पिता से बातचीत और विद्यालय में रहने के अनुभव के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार गौतम ने बताया कि पिछले वर्ष विद्यालय के नौ छात्र-छात्राओं का आईआईटी तथा दो का नीट में चयन हुआ है। इस उपलब्धि पर डीएम ने विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों को बधाई दी। खेल गतिविधियों की जानकारी लेते हुए उन्हें बताया गया कि विद्यालय के 13 छात्र-छात्राएं ताइक्वांडो और दो छात्र हैंडबॉल में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने के लिए सीतापुर और हरिद्वार गए हैं। डीएम ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में करीब 305 मीटर सीसी रोड क्षतिग्रस्त होने की जानकारी भी दी गई। जिलाधिकारी ने संबंधित कार्य का प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक जयकरण यादव से विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा करते हुए कहा कि अन्य विद्यालयों में भी बेहतर शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन, स्वच्छता और विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं विकसित करने के प्रयास किए जाने चाहिए। डीएम ने कहा कि विद्यार्थियों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्यालय की व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण और विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद होने से छात्र-छात्राओं में भी उत्साह देखने को मिला। निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रबंधन और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
