पीआरडी स्वयंसेवकों का ड्यूटी भत्ता 500 से बढ़कर 600 रुपये, पांच लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा

पीआरडी स्वयंसेवकों का ड्यूटी भत्ता 500 से बढ़कर 600 रुपये, पांच लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा
सहारनपुर में कलक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखते प्रशासनिक अधिकारी।

सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में आयोजित पीआरडी स्वयंसेवकों के सम्मेलन में उनके हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सहारनपुर कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में किया गया, जिसे रामपुर मनिहारान विधायक देवेंद्र निम, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान, मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह सहित संबंधित अधिकारियों एवं पीआरडी स्वयंसेवकों ने देखा। मुख्यमंत्री ने पीआरडी स्वयंसेवकों के दैनिक ड्यूटी भत्ते को 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने की घोषणा की।

इसके साथ ही स्वयंसेवकों और उनके परिवार के सदस्यों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीआरडी स्वयंसेवक पुलिस एवं प्रशासन के सहयोगी के रूप में कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, आपदा प्रबंधन तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नई चिकित्सा योजना से प्रदेश के 31 हजार से अधिक पीआरडी स्वयंसेवकों और उनके परिवारों को सरकारी तथा सरकार से इम्पैनल्ड अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। उन्होंने लखनऊ में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास भी किया।

कार्यक्रम में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार राजनीतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल डॉ. सोमेंद्र तोमर सहित विभागीय अधिकारी और पीआरडी स्वयंसेवक मौजूद रहे। मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर सहारनपुर के पीआरडी स्वयंसेवकों ने खुशी जताते हुए प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भत्ते में वृद्धि से आर्थिक राहत मिलेगी, जबकि कैशलेस चिकित्सा सुविधा से स्वयंसेवकों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी बड़ी राहत मिलेगी। इस अवसर पर जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी राहुल सिद्धार्थ, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी राहुल मलिक, सोनिया, क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी वैजयंती सहित संबंधित अधिकारी एवं पीआरडी स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Leave a Reply