पुलिस ने मुठभेड़ में दो घायलों समेत तीन गौकश किए गिरफ्तार
सहारनपुर। थाना देहात कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो घायलों समेत तीन शातिर गौकशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से गौकशी के उपकरण, अवैध असलाह एवं दो जिंदा गौवंश एवं घटना में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन बरामद करने में सफलता हासिल कर ली।
मिली जानकारी के अनुसार थाना देहात कोतवाली पुलिस प्रभारी निरीक्षक एच. एन. सिंह, उपनिरीक्षक विजय सिंह, उपनिरीक्षक निप्पी सिंह व उपनिरीक्षक अनुज कुमार के नेतृत्व में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि निर्माणाधीन मल्हीपुर रोड पर सूखे तालाब के सामने आम के बाग में कुछ व्यक्ति गौकशी करने की तैयारी कर रहे हैं। कोतवाली देहात पुलिस मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंची तो वहां आधा दर्जन से अधिक व्यक्ति गौकशी की घटना को अंजाम देने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस को देखकर गौकशों ने पुलिस पार्टी पर फायर झोंक दिया।
पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की जिसमें दो बदमाश दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गए जिन्हें पुलिस ने बलप्रयोग कर दबोच लिया जिनमें अब्दुल वहाब पुत्र सत्तार कुरैशी निवासी ग्राम पठेड़ थाना चिलकाना हाल निवासी मौहल्ला शाहपुर कस्बा भगवानपुर थाना भगवानपुर जिला हरिद्वार व आफताब उर्फ बिल्लू पुत्र इकरामुद्दीन निवासी तेलीवाला थाना डोईवाला देहरादून शामिल हैं। जबकि अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे जिनकी तलाश में पुलिस काफी देर तक काम्बिंग करती रही।
काम्बिंग के दौरान तीसरे गौकश नासिर पुत्र जाहिद निवासी दाऊद सराय डोली खाल थाना कुतुबशेर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे मय दो जिंदा व चार खोखा कारतूस 315 बोर, 2 जिंदा गौवंश एवं एक पिकअप बोलेरो बरामद कर ली। पुलिस ने घायल गौकशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है एवं तीसरे गौकश को वांछित धाराओं में चालान काटकर जेल भेज दिया।
