मोहन भागवत के बयान पर अभिजीत दीपके का BJP पर निशाना, बोले- ‘बीजेपी वालों को बताएं कि युवाओं को देश विरोधी न कहें’
नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के Gen Z को लेकर दिए गए बयान पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने भागवत की उस बात का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने युवाओं को प्रदर्शन करने के अधिकार और उन्हें ‘एंटी नेशनल’ नहीं कहने की बात कही थी। दीपके ने कहा कि बीजेपी को भी मोहन भागवत की इस सलाह से सीख लेनी चाहिए।
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में अभिजीत दीपके ने कहा कि मोहन भागवत का Gen Z को लेकर दिया गया बयान बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवाओं को देश विरोधी नहीं कहा जाना चाहिए और प्रदर्शन करना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है। दीपके ने कहा कि वह भागवत की इस बात से पूरी तरह सहमत हैं।
‘बीजेपी और PM मोदी को भी यह बात समझनी चाहिए’
अभिजीत दीपके ने कहा, “मोहन भागवत बीजेपी के मेंटर हैं और नरेंद्र मोदी जी के भी गॉडफादर हैं। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि एक बार यही बात बीजेपी वालों और नरेंद्र मोदी को भी बता दें कि युवाओं को देश विरोधी न कहा जाए।”
उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के आंदोलन को लेकर बीजेपी नेताओं की ओर से पहले कई तरह की टिप्पणियां की गई हैं। दीपके ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रदर्शनकारियों को लेकर कथित तौर पर ‘दहशतगर्दों की बी टीम’ जैसी टिप्पणी की थी।
‘उम्मीद है बीजेपी मोहन भागवत की बात मानेगी’
दीपके ने कहा कि अब उन्हें उम्मीद है कि बीजेपी नेता RSS प्रमुख मोहन भागवत की बात को गंभीरता से लेंगे और युवाओं के विरोध-प्रदर्शनों को देशविरोधी नजरिए से नहीं देखेंगे।
उन्होंने कहा, “ऐसा तो नहीं हो सकता कि बीजेपी वाले RSS की बात न मानें। अगर बीजेपी उनकी बात नहीं मानती है तो RSS को भी सोचना पड़ेगा कि आखिर बीजेपी उनकी बात क्यों नहीं मान रही है।”
‘फेक वीडियो की जांच होनी चाहिए’
सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियो को लेकर भी अभिजीत दीपके ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में फेक वीडियो सामने आ रहे हैं और उनकी सच्चाई की जांच होना जरूरी है।
उन्होंने कहा, “मैं चाहता हूं कि मोहन भागवत की बात को मान लिया जाए और जांच की जाए कि कौन सा वीडियो सही है और कौन सा गलत।”
झारखंड के प्रदर्शनों को समर्थन
झारखंड में चल रहे प्रदर्शनों को लेकर अभिजीत दीपके ने कहा कि उनकी पार्टी प्रदर्शनकारियों के साथ खड़ी है। उन्होंने दावा किया कि उनका एक प्रतिनिधिमंडल वहां पहुंचा है और उनके कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे लोगों के लिए खाने की व्यवस्था भी कर रहे हैं।
दीपके ने कहा कि किसी भी राज्य में, चाहे वहां किसी भी राजनीतिक दल की सरकार हो, अगर छात्र अपनी आवाज उठाते हैं तो CJP उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदर्शनकारियों की मांगों का समर्थन करती है।
