कार्यकर्ता ही मेरी सबसे बड़ी ताकत हैं: विधायक चौधरी कीरत सिंह
सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी के विधायक चौधरी कीरत सिंह ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं का प्रेम, विश्वास और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। वह अंबेहटा क्षेत्र के लोहागढ़ गांव में आयोजित एक सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में पहुंचने पर विधायक का ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। बड़ी संख्या में लोग जुलूस के रूप में उन्हें समारोह स्थल तक लेकर पहुंचे और उनके समर्थन में नारे लगाए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
सभा को संबोधित करते हुए चौधरी कीरत सिंह ने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। मजबूत संगठन के निर्माण में कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने कार्यकर्ताओं का सम्मान करती है और उन्हें संगठन की रीढ़ मानती है।
विधायक ने कहा कि कार्यकर्ताओं का स्नेह, विश्वास और निरंतर प्रोत्साहन उन्हें जनसेवा के लिए और अधिक समर्पण एवं ऊर्जा के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए वह पूरी निष्ठा से क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाते रहेंगे।
