स्वर्ण पदक विजेता मेधावी छात्रा का किया भव्य स्वागत
सहारनपुर। माँ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर के स्कूल ऑफ बॉटनी में आज चतुर्थ दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाली मेधावी छात्रा सुश्री अंशुल का हार्दिक स्वागत एवं सम्मान किया गया।
उल्लेखनीय है कि चतुर्थ दीक्षांत समारोह में सुश्री अंशुल को एम.एससी. बॉटनी में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर कुलपति स्वर्ण पदक के साथ-साथ प्रोफेसर येर्रामिल्ली श्रीराम मूर्ति (प्रो. वाई. एस. मूर्ति) स्वर्ण पदक से भी सम्मानित किया गया। यह विशेष स्वर्ण पदक विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. विमला वाई. द्वारा अपने पूज्य पिता प्रो. येर्रामिल्ली श्रीराम मूर्ति की पावन स्मृति में प्रारंभ किया गया है, जिसका उद्देश्य शैक्षणिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करना है।
इस अवसर पर अंशुल ने अपनी इस उल्लेखनीय उपलब्धि का श्रेय अपने निरंतर कठिन परिश्रम, माता-पिता के आशीर्वाद तथा गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया। वह जनपद सहारनपुर के सरसावा क्षेत्र स्थित ग्राम अलीपुरा निवासी श्री मोहना लाल की सुपुत्री हैं। स्कूल ऑफ बॉटनी के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने अंशुल की इस शानदार उपलब्धि पर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएँ दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर डॉ. हर्ष सिंह, डॉ. अर्चस्वी त्यागी, डॉ. संदीप कुमार सहित स्कूल ऑफ बॉटनी के महविश, मुश्कान, मुश्कान मलिक, प्राची, कशिश, शालोनी, अमलेश आदि छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
