मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक में सुनीं उद्यमियों की समस्याएं
सहारनपुर। सहारनपुर मंडल में सोमवार को सर्किट हाउस में अपर आयुक्त (प्रशासन) भानु प्रताप यादव की अध्यक्षता में मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली जनपदों से जुड़े औद्योगिक विकास, आधारभूत सुविधाओं तथा निवेश संबंधी लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक का संचालन संयुक्त आयुक्त उद्योग वीरेन्द्र कुमार ने किया। बैठक में यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र में दुकानों के भूखंडों के आवंटन के लिए ई-ऑक्शन का प्रस्ताव आगामी 3 अगस्त को होने वाली बोर्ड बैठक में रखा जाएगा।
इस पर अध्यक्ष ने आयुक्त स्तर से उच्च अधिकारियों को पत्र भेजने के निर्देश दिए। मुजफ्फरनगर स्थित रामा इंडस्ट्रीज को कोविड इमरजेंसी वित्त पोषण योजना के अंतर्गत वित्तीय प्रोत्साहन दिए जाने के मामले में संयुक्त आयुक्त उद्योग ने बताया कि शासनादेश के अनुसार यह इकाई योजना के दायरे में नहीं आती। निदेशालय से प्रकरण निरस्त होने की सूचना मिलने के बाद इसे अगली बैठक में निस्तारित किया जाएगा। बैठक में सहारनपुर के अंबाला रोड स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन से पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र तक सड़क निर्माण की समीक्षा भी की गई। लोक निर्माण विभाग ने बताया कि 600 मीटर में से अब केवल 90 मीटर सड़क निर्माण शेष है। अध्यक्ष ने जिलाधिकारी एवं यूपीसीडा से समन्वय कर कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
शामली में विजय चौक से औद्योगिक आस्थान तक चार किलोमीटर सड़क चौड़ीकरण एवं डिवाइडर पर स्ट्रीट लाइट लगाने के प्रस्ताव पर लोक निर्माण विभाग ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना को अभी शासन की स्वीकृति नहीं मिली है। इस पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण से संबंधित मैसर्स राधा गोविंद व्हील्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के मानचित्र प्रकरण पर समिति ने विचार के बाद इसे मंडलीय उद्योग बंधु में विचारणीय नहीं माना। अध्यक्ष ने संबंधित पक्ष को आयुक्त न्यायालय में अपील करने की सलाह देते हुए अन्यथा अगली बैठक में प्रकरण निक्षेपित करने के निर्देश दिए। बैठक में निवेश मित्र पोर्टल पर सहारनपुर और मुजफ्फरनगर के लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई।
अध्यक्ष ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सचिव एमडीए कुँवर बहादुर सिंह, एसीआई मुजफ्फरनगर आशीष कुमार, एसीआई सहारनपुर प्रमोद कुमार, आईआईए के आर.के. धवन, सीआईएस के संजय कुमार, लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।
