राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री को सम्बोधित हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा
ज्ञापन पर 385690 नागरिकों ने किए थे हस्ताक्षर
सहारनपुर। गोमाता की सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे गो सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण के तहत सोमवार को सहारनपुर में जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन और हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना-पत्र सौंपा गया।
अभियान के तहत जनपद से लगभग 3,85,690 नागरिकों के हस्ताक्षर पेनड्राइव एवं लिखित ज्ञापन के रूप में प्रशासन को सौंपे गए। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री करुणा बिहारी मंदिर, गोपाल नगर नुमाइश कैंप तथा प्राचीन सिद्धपीठ श्री गौ देवी मंदिर गौशाला में गोपूजन, शंखनाद और सामूहिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। इसके बाद गोभक्तों ने बैनर, झंडे और अभियान संबंधी संदेशों के साथ शांतिपूर्ण प्रार्थना-यात्रा निकालते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
अभियान के जिला प्रभारी विजयकान्त चैहान तथा स्वामी मंगला नंद महाराज ने कहा कि गोमाता भारतीय संस्कृति, कृषि, पर्यावरण, ग्राम्य अर्थव्यवस्था और जनकल्याण का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने केंद्र सरकार से गोहत्या-निषेध के लिए केंद्रीय कानून बनाने, गोमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान देने, केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना, गोचर भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने और गो-केंद्रित राष्ट्रीय नीति लागू करने सहित 30 से अधिक मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।
उन्होंने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में देशभर की लगभग 5,000 तहसीलों के माध्यम से 5 करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षर सरकार को भेजे गए थे। मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण दूसरे चरण में देशभर के सभी जिलों से 15 करोड़ से अधिक हस्ताक्षरों के साथ अनुस्मारक प्रार्थना-पत्र भेजा गया है। इस अवसर पर रिटायर्ड कैप्टन सतीश शर्मा (सेना मेडल), महेश गांधी, राजीव चैधरी, भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधि, गौरक्षा दल के पदाधिकारी, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, संत-महात्मा, मातृशक्ति, किसान, व्यापारी, युवा तथा बड़ी संख्या में गोभक्त उपस्थित रहे।
