छात्रों के देशव्यापी प्रदर्शन से पहले सरकार अलर्ट, अमित शाह के साथ नड्डा-जितेंद्र सिंह की हाई लेवल बैठक

छात्रों के देशव्यापी प्रदर्शन से पहले सरकार अलर्ट, अमित शाह के साथ नड्डा-जितेंद्र सिंह की हाई लेवल बैठक

नई दिल्ली। छात्रों के विरोध-प्रदर्शन को लेकर केंद्र सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। Cockroach Janta Party (CJP) ने सरकार की बातचीत की पेशकश के बावजूद शुक्रवार को देश के हर जिले में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पार्टी ने इस अभियान को “हर जिला, एक दिन, एक मांग” नाम दिया है और छात्रों, युवाओं तथा सामाजिक संगठनों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।

CJP की ओर से जारी पोस्टर में कहा गया है कि यह प्रदर्शन छात्रों की मांगों के समर्थन और हालिया आंदोलन के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई से प्रभावित लोगों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए आयोजित किया जा रहा है। पार्टी ने सभी प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से करने और लोकतांत्रिक ढंग से अपनी बात रखने की अपील भी की है।

गृहमंत्री अमित शाह के साथ हाई लेवल बैठक

इधर, दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों का धरना-प्रदर्शन जारी है। इसी बीच केंद्र सरकार ने स्थिति पर नजर रखते हुए उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह की अहम बैठक जारी है। माना जा रहा है कि बैठक में प्रदर्शन, कानून-व्यवस्था और आगे की रणनीति पर चर्चा की जा रही है।

दिल्ली पुलिस अलर्ट, सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द

देशव्यापी प्रदर्शन के ऐलान को देखते हुए दिल्ली पुलिस भी पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। पुलिस मुख्यालय ने सभी रैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द कर दी हैं। आदेश के अनुसार, सभी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर उपलब्ध रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

दिल्ली में छात्रों के लगातार जारी प्रदर्शन और संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी भी बढ़ा दी गई है। सरकार और सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।