चिलकाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक हिस्ट्रीशीटर को किया लंगड़ा

चिलकाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक हिस्ट्रीशीटर को किया लंगड़ा
सहारनपुर में चिलकाना पुलिस द्वारा घायलावस्था में दबोचा गया हिस्ट्रीशीटर बदमाश।

सहारनपुर। थाना चिलकाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान चोरी के मुकदमे में वांछित चल रहे एक शातिर हिस्ट्रीशीटर बदमाश को घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा मय दो जिंदा व दो खोखा कारतूस 315 बोर, 32 हजार रूपए की नगदी एवं बिना नम्बर की स्पलेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली।

मिली जानकारी के अनुसार देर रात थाना चिलकाना पुलिस संगमौर से ग्राम माहेश्वचरी कला जाने वाले रजवाहे पर चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान संगमौर की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर एक व्यक्ति आता दिखाई दिया जब पुलिस ने उसे रूकने का इशारा किया तो वह रूकने की बजाए भोजपुर तगा व ताजपुरा को जाने वाले रास्ते पर मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगा। लगभग 300 मीटर की दूरी पर जाकर मोटरसाइकिल  सवार बदमाश अपनी मोटरसाइकिल नीचे गिराकर गन्ने के खेत में धुस गया तथा पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने लगा। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ फायरिंग की जिसमें बदमाश बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगने से घायल हो गया जिसे पुलिस ने बल प्रयोग कर गिरफ्तार कर दिया। दबोचे गए बदमाश की पहचान दानिश उर्फ दाना पुत्र अय्यूब निवासी मौहल्ला मजहर हसन थाना चिलकाना के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा, दो खोखा व दो जिंदा कारतूस 315 बोर, पटनी से चोरी के मामले से सम्बंधित 32 हजार रूपए की नगदी व एक बिना नम्बर की मोटरसाइकिल बरामद कर ली। दबोचे गए बदमाश शातिर किस्म का हिस्ट्रीशीटर है जिस पर थाना चिलकाना सहित अनेक थानों पर चोरी, लूट सहित अनेक संगीन धाराओं में लगभग 14 मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।