आर्य समाज कार्यकर्ताओं का संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय पर प्रदर्शन, शिक्षण संस्थाओं में अनियमितताओं की जांच की मांग
सहारनपुर। आर्य समाज से जुड़े पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को चकरौता रोड स्थित संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) कार्यालय पर प्रदर्शन कर आर्य समाज की शिक्षण संस्थाओं में कथित अनियमितताओं, चुनाव में धांधली और संपत्तियों पर अवैध कब्जे के आरोपों की जांच की मांग की। बाद में प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त शिक्षा निदेशक राणा सहस्त्रांशु कुमार सुमन से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा। संयुक्त शिक्षा निदेशक ने मामले की सुनवाई करते हुए अगली तिथि निर्धारित कर दी।
प्रदर्शन के दौरान मुजफ्फरनगर जिला आर्य सभा के प्रतिनिधि अनूप सिंह राठी ने आरोप लगाया कि बुढाना डीएवी कॉलेज प्रबंध समिति के चुनाव नियमों के विपरीत कराए गए तथा संस्थान की संपत्तियों में अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए और संस्थाओं में नियमों के अनुसार चुनाव कराए जाएं। आर्य समाज शहर, मुजफ्फरनगर के प्रधान मुकेश आर्य ने भी चुनाव में धांधली, गबन और फर्जीवाड़े के आरोप लगाते हुए मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
बुढाना आर्य समाज के मंत्री राजीव कुमार ने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग की मिलीभगत से नियमों के विपरीत कार्य किए गए हैं। वहीं राज सिंह आर्य और अनिल आर्य ने संस्थाओं की संपत्तियों को कब्जा मुक्त कराने तथा कथित भ्रष्टाचार की जांच कराने की मांग उठाई। सुनवाई के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त शिक्षा निदेशक के समक्ष अपना पक्ष रखा। अधिकारियों ने सभी पक्षों को सुनने के बाद मामले में अगली सुनवाई की तिथि निर्धारित कर दी। इस दौरान फल कुमार, संजय कुमार आर्य, प्रवीण कुमार राणा, डॉ. वीर सिंह आर्य, भावुक अनिल आर्य, सांता प्रकाश शास्त्री, सुरेंद्र कुमार पुंडीर, सुभाष चंद गर्ग, डॉ. सतीश कुमार आर्य, तेजपाल सिंह आर्य, उपेंद्र आर्य, अभिषेक गर्ग, विनोद आर्य, अवनीश आर्य, विजय गुप्ता, जनेश्वर आर्य, भरत सिंह आर्य, महावीर आर्य सहित बड़ी संख्या में आर्य समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
