मारपीट के मामले में पीड़ितों ने एसएसपी से की मुलाकात, प्रार्थना पत्र सौंपकर की गंभीर धाराएं जोड़ने की मांग
सहारनपुर। थाना नकुड़ क्षेत्र में मारपीट के मामले में एक पक्ष ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर गंभीर धाराएं जोड़ने तथा निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। प्रार्थना पत्र में विक्रमजीत सिंह ने कहा है कि उनके भाई जोबन के साथ कथित रूप से लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से मारपीट की गई थी।
शिकायतकर्ता का दावा है कि घटना में जोबन की नाक की हड्डी टूट गई तथा चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। उपचार के दौरान मेडिकल जांच और एक्स-रे में फ्रैक्चर आने की बात भी प्रार्थना पत्र में कही गई है। वर्तमान में घायल का उपचार यमुनानगर के एक अस्पताल में चल रहा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसने मामले से संबंधित मेडिकल रिपोर्ट एवं अन्य दस्तावेज विवेचक को उपलब्ध करा दिए हैं। इसके बावजूद उसकी शिकायत के अनुसार मुकदमे में गंभीर धाराएं नहीं बढ़ाई गई हैं।
यह आरोप भी लगाया कि आरोपी पक्ष खुलेआम घूम रहा है तथा शिकायतकर्ता के परिवार को कथित रूप से धमकियां दी जा रही हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। पीड़ित पक्ष ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर मेडिकल साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी धाराएं जोड़ने तथा नियमानुसार कार्रवाई कराने की मांग की है। इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सकी।
