मंडलायुक्त, डीएम व एसएसपी ने कांवड़ यात्र मार्ग का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

मंडलायुक्त, डीएम व एसएसपी ने कांवड़ यात्र मार्ग का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सहारनपुर में कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण करते पुलिस प्रशासनिक अधिकारी।

सहारनपुर। आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को मंडलायुक्त डा.रूपेश कुमार, जिलाधिकारी अशोक कुमार चैहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने पुलिस अधीक्षक नगर के साथ जनपद के प्रमुख कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने सरसावा हाईवे कट से थाना गागलहेड़ी क्षेत्र तक कांवड़ मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, डायवर्जन, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधाओं, पेयजल, विश्राम स्थलों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से सतत निगरानी, यातायात का सुचारु संचालन तथा आपातकालीन सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनदन ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए तथा प्रत्येक बिंदु पर सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।