‘पहले रामपुर-सैफई सिंडिकेट युवाओं का हक खाते थे’, अमरोहा में सपा-कांग्रेस पर बरसे सीएम योगी

‘पहले रामपुर-सैफई सिंडिकेट युवाओं का हक खाते थे’, अमरोहा में सपा-कांग्रेस पर बरसे सीएम योगी

अमरोहा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अमरोहा दौरे के दौरान 207 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 42 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था, विकास, किसानों, उद्योग और विपक्ष को लेकर कई अहम बातें कहीं।

‘माफिया के लिए सिर्फ दो जगह- जेल या जहन्नुम’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने दोहराया कि अपराध और माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। उन्होंने कहा, “कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए केवल दो ही जगह हैं—जेल या जहन्नुम।” मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सरकार ने अपने संकल्प के अनुरूप माफिया के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया है।

‘रामपुर और सैफई सिंडिकेट युवाओं का हक मारते थे’

सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले “रामपुर सिंडिकेट” और “सैफई सिंडिकेट” युवाओं के रोजगार और अवसरों पर कब्जा जमाए बैठे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद ऐसी व्यवस्था समाप्त हुई और अब युवाओं को पारदर्शी तरीके से अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा, “हमने पहले ही कहा था कि भाजपा सरकार आते ही ऐसे लोग दुम दबाकर अपने बिलों में छिप जाएंगे और आज वही स्थिति है।”

‘अब 100 के 100 रुपये सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रहे’

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले केंद्र से भेजे गए 100 रुपये में गरीबों तक केवल 15 रुपये पहुंचते थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है।

किसानों और चीनी उद्योग का किया जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले गन्ना किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिलता था और चीनी उद्योग भी संकट में था। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने गन्ने का मूल्य बढ़ाया है और प्रदेश में चीनी मिलों के संचालन को मजबूती दी है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, उत्तर प्रदेश आज देश में सर्वाधिक चीनी और एथेनॉल उत्पादन करने वाला राज्य बन चुका है, जिससे किसानों की आय में भी बढ़ोतरी हुई है।

‘विकास के साथ सुरक्षा का माहौल भी मजबूत हुआ’

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में विकास के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत हुई है। उन्होंने दावा किया कि पहले धार्मिक आयोजनों में बाधाएं आती थीं, जबकि अब कांवड़ यात्रा, जन्माष्टमी और अन्य धार्मिक पर्व शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सभी धर्मों और आस्थाओं का सम्मान करती है।

सड़क और एक्सप्रेसवे नेटवर्क की सराहना

सीएम योगी ने कहा कि एक्सप्रेसवे और आधुनिक सड़क नेटवर्क के विस्तार से उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार हुआ है। उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे अमरोहा की दिल्ली और लखनऊ से कनेक्टिविटी और मजबूत हुई है तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिली है।

ODOP योजना से मिली नई पहचान

मुख्यमंत्री ने अमरोहा के पारंपरिक फर्नीचर और ढोलक उद्योग की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट (ODOP)’ योजना के तहत इन उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है और इससे स्थानीय कारीगरों एवं उद्यमियों को रोजगार और बाजार दोनों उपलब्ध हुए हैं।