यूपी में गर्मी और उमस से जल्द मिलेगी राहत, 17 जुलाई से फिर सक्रिय होगा मानसून

यूपी में गर्मी और उमस से जल्द मिलेगी राहत, 17 जुलाई से फिर सक्रिय होगा मानसून

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में गर्मी और उमस से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 17 से 22 जुलाई के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो सकता है।

इस दौरान पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। हालांकि 16 जुलाई को प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में उमस और गर्मी बनी रह सकती है।

प्रदेश में बुधवार को अलग-अलग जिलों में बारिश दर्ज की गई। अंबेडकरनगर में 75 मिलीमीटर, हमीरपुर में 54 मिलीमीटर, मथुरा में 44 मिलीमीटर, अयोध्या में 42 मिलीमीटर और गोरखपुर में 38 मिलीमीटर बारिश दर्ज किए जाने की रिपोर्ट है।

बारिश के दौरान लोगों को जलभराव, बिजली गिरने, कमजोर दीवारों और खुले बिजली के तारों से सावधान रहने की सलाह दी गई है। किसानों के लिए भी आगामी बारिश महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में सामान्य से कम वर्षा की स्थिति बनी हुई है।