यूपी सरकार का बड़ा फैसला, दिव्यांग और असहाय लाभार्थियों के घर पहुंचेगा राशन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने दिव्यांग, असहाय और अकेले रहने वाले बुजुर्ग राशनकार्ड धारकों को बड़ी राहत देने का फैसला किया है। ऐसे पात्र लाभार्थियों को अब सरकारी राशन की दुकान तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, बल्कि राशन उनके घर पहुंचाया जाएगा।
खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शारीरिक अक्षमता या असहाय स्थिति के कारण कोई पात्र व्यक्ति राशन से वंचित न रहे।
सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए तकनीक का इस्तेमाल भी बढ़ाया है। जुलाई 2026 से लाभार्थियों को राशन दुकान पर खाद्यान्न पहुंचने और वितरण की तारीख की सूचना SMS से दी जा रही है।
एफसीआई डिपो से राशन दुकानों तक खाद्यान्न पहुंचाने वाले वाहनों की GPS से निगरानी की जा रही है। सरकार का कहना है कि इससे राशन की कालाबाजारी रोकने और पात्र लाभार्थियों तक समय पर खाद्यान्न पहुंचाने में मदद मिलेगी।
