भाकियू मंढार ने सरकार से की समस्याओं के समाधान की मांग
सहारनपुर। भारतीय किसान यूनियन (मंढार) के बैनर तले किसानों ने भारत-अमेरिका प्रस्तावित मुक्त व्यापार (फ्री ट्रेड) समझौते का विरोध करते हुए प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से सरकार से प्रस्तावित समझौते को तत्काल निरस्त करने की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष चैधरी मगन कुमार के नेतृत्व में जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में कहा गया कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौता देश के किसानों, खेत मजदूरों, पशुपालकों, छोटे व्यापारियों, लघु उद्योगों तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है। संगठन का कहना है कि यदि यह समझौता लागू होता है तो इसका प्रतिकूल प्रभाव करोड़ों लोगों की आजीविका और देश की खाद्य एवं आर्थिक संप्रभुता पर पड़ सकता है। ज्ञापन में स्पष्ट किया कि किसान किसी भी परिस्थिति में इस समझौते को स्वीकार नहीं करेंगे।
संगठन ने केंद्र सरकार से मांग की कि किसानों और आम जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित फ्री ट्रेड समझौते को तत्काल वापस लिया जाए। यह भी कहा गया कि यदि सरकार उनकी मांगों की अनदेखी करती है तो ष्भारत बचाओ मोर्चाष् लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से देशव्यापी जनआंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होगी। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष चैधरी प्रदीप नंबरदार, जिलाध्यक्ष मगन कुमार, अनिल कुमार, नाथीराम आदि मौजूद रहे।
