सहारनपुर में साइबर ठगी का बड़ा नेटवर्क उजागर, 40 खातों में पहुंचे करीब दो करोड़ रुपये
सहारनपुर [दिग्विजय त्यागी]। जिले में साइबर ठगी से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों द्वारा ठगी गई करीब दो करोड़ रुपये की रकम सहारनपुर से जुड़े 40 अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर किए जाने की जानकारी मिली है। इन खातों के तार देश के कई राज्यों में हुई साइबर ठगी की घटनाओं से जुड़े बताए जा रहे हैं।
राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल से मिली सूचनाओं के आधार पर सहारनपुर साइबर सेल ने संदिग्ध बैंक खातों की जांच शुरू की थी। जांच के दौरान ऐसे कई खाते सामने आए, जिनमें साइबर ठगी से संबंधित रकम जमा कराई गई थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इन खातों में चेन्नई, मुंबई, दिल्ली, हरियाणा, कर्नाटक, झारखंड और बिहार सहित विभिन्न राज्यों के पीड़ितों से ठगी गई रकम पहुंची थी। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि खाताधारक स्वयं साइबर गिरोह से जुड़े हैं या फिर उनके खातों का इस्तेमाल कमीशन देकर किया गया।
मामले में अलग-अलग थानों में पांच मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस बैंक खातों में हुए लेन-देन, मोबाइल नंबर, यूपीआई आईडी और रकम निकालने वाले व्यक्तियों की जानकारी जुटा रही है।
साइबर ठगी के मामलों में अक्सर अपराधी लोगों को नौकरी, निवेश, ऑनलाइन ट्रेडिंग, लोन, इनाम या केवाईसी अपडेट का झांसा देकर रकम ट्रांसफर कराते हैं। इसके बाद ठगी की रकम को कई खातों में भेजकर निकाल लिया जाता है, जिससे जांच एजेंसियों के लिए असली आरोपी तक पहुंचना कठिन हो जाता है।
इस मामले में भी पुलिस पूरे नेटवर्क और रकम के अंतिम लाभार्थियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि इन बैंक खातों का संचालन कौन कर रहा था और जिले से कितने लोग साइबर अपराधियों के संपर्क में थे।
