कुतुबशेर पुलिस ने किया चोरी की घटनाओं का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार

कुतुबशेर पुलिस ने किया चोरी की घटनाओं का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार
सहारनपुर में कुतुबशेर पुलिस द्वारा दबोचा शातिर चोर एवं जानकारी देते एसपी सिटी।

सहारनपुर। थाना कुतुबशेर पुलिस ने चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे/निशानदेही पर चोरी किया सामान, अवैध चाकू एवं 12 हजार रूपए की नगदी बरामद करने में सफलता हासिल कर ली।

पुलिस लाईन स्थित नवीन सभागार में पत्रकारों को जानकारी देते हुए एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि विगत 3 जुलाई को वादी गुलशन पुत्र चंद्ररूप निवासी ग्राम सबदलपुर थाना कुतुबशेर ने लिखित तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने रात्रि के समय उसकी दुकान से दो इनवर्टर, दो बैटरी, 17 हजार रूपए की नगदी, लोवर, टी-शर्ट आदि सामान चोरी कर लिया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी थी।

एसपी सिटी श्री बिंदल ने बताया कि आज थाना कुतुबशेर प्रभारी संतोष कुमार त्यागी, उपनिरीक्षक कुलवंत सिंह मलिक, उपनिरीक्षक भूपेश शर्मा के नेतृत्व में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर इसरार पुत्र निसार निवासी इस्लामनगर थाना रामपुर मनिहारान को सिंचाई विभाग के खंडहर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे/ निशानदेही पर थाना कुतुबशेर, थाना नकुड़ व थाना कोतवाली देहात में पंजीकृत मुकदमों से सम्बंधित चोरी की घटनाओं का सामान 7 इनवर्टर, 9 बैटरी, 5 छोटी बैटरी, 1 गैस सिलेंडर, एक नाजायज चाकू एवं 12 हजार रूपए की नगदी बरामद कर ली।

एसपी सिटी ने बताया कि दबोचे गए आरोपी ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि मैं अपने भाई एवं साथी के साथ मिलकर रात के समय नकबजनी की वारदातों को अंजाम देता हूं और  इन घटनाओं में जो भी सामान मिलता है उसे राह चलते लोगों को बेच देते हैं तथा जो पैसा मिलता है उसे आपस में बांट लेते हैं। बरामद सामान अलग-अलग स्थानों पर चोरी की घटनाओं से सम्बंधित है। बरामद चाकू अपनी सुरक्षा के लिए रखता हूं। दबोचा गया आरोपी शातिर किस्म का शातिर चोर है जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में अलग-अलग धाराओं में लगभग 8 मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी का चालान काटकर जेल भेज दिया।