हिंदू रक्षा दल ने जिला मुख्यालय पर किया प्रदर्शन
दारुल उलूम की जांच की मांग, दिया एक सप्ताह का अल्टीमेटम
सहारनपुर। हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया तथा जिलाधिकारी को ज्ञापर सौंपकर दारुल उलूम देवबंद की जांच कराने की मांग की। संगठन का आरोप है कि दारुल उलूम परिसर में प्राचीन शिव मंदिर होने के प्रमाण हैं और इस संबंध में पहले भी जांच की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने प्रशासन को एक सप्ताह का समय देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में जांच शुरू नहीं की गई तो कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्त दारुल उलूम पहुंचकर जलाभिषेक का प्रयास करेंगे। उनका कहना था कि उनकी मांग केवल निष्पक्ष जांच कराए जाने की है। प्रदर्शन के दौरान संगठन के कुछ नेताओं ने भाजपा सरकार, राम मंदिर, पूर्ववर्ती सरकारों और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर राजनीतिक टिप्पणियां भी कीं तथा चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने उनकी मांग पर कार्रवाई नहीं की तो वे अपने घोषित कार्यक्रम के अनुसार काम करेंगे। प्रदर्शनकारियों में हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
