एबीवीपी एक छात्र संगठन नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक आंदोलन: सत्येंद्र सिंह

एबीवीपी एक छात्र संगठन नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक आंदोलन: सत्येंद्र सिंह
सहारनपुर में एबीवीपी की संगोष्ठी को सम्बोधित करता वक्ता।

सहारनपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के स्थापना दिवस के उपलक्ष में मनाए जा रहे राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर आयोजित छात्र संगोष्ठी सम्बोधित करते हुए संगठन मंत्री सत्येंद्र सिंह ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित सशक्त विद्यार्थी आंदोलन है। महानगर के सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित छात्र संगोष्ठी का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ किया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने विद्यार्थियों से  ज्ञान, चरित्र, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया। प्रांत सहमंत्री मेरठ प्रांत सूरज राणा ने विद्यार्थियों को परिषद की कार्यप्रणाली, संगठन की विचारधारा एवं छात्र शक्ति की भूमिका से अवगत कराया। उन्होंने युवाओं से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए राष्ट्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। विभाग छात्र प्रमुख कनक कोरी ने विद्यार्थियों को परिषद से जुड़कर नेतृत्व क्षमता का विकास करने, सामाजिक चेतना के साथ कार्य करने तथा अपने व्यक्तित्व को सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम संयोजक एवं सहारनपुर महानगर सहमंत्री कार्तिक धीमान ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नेतृत्व क्षमता के विकास का प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम का संचालन प्रिंस कोरी ने किया। इस अवसर पर मंच पर उपस्थित सभी अतिथियों का परिषद कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में परिषद के सक्रिय कार्यकर्ताओं में मंजीत सैनी, अमोघ कौशिक, अर्पित सैनी, अंकुर सिंह, दिया एवं अभिषेक मित्तल सहित अनेक कार्यकर्ता एवं भारी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।