मेरठ जाने से पहले भीम आर्मी पदाधिकारियों को घरों में रोका
देवबंद। नगीना सांसद एवं आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के मेरठ दौरे की सूचना पर पुलिस ने एहतियातन क्षेत्र में भीम आर्मी के कई पदाधिकारियों को उनके घरों से बाहर नहीं निकलने दिया। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने का हवाला देते हुए यह कार्रवाई की।
मेरठ के बहुचर्चित हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने के लिए चंद्रशेखर आजाद ने कार्यकर्ताओं से मेरठ पहुंचने का आह्वान किया था। इसके बाद कोतवाली क्षेत्र के गांव असदपुर करंजाली सहित अन्य स्थानों पर पुलिस ने भीम आर्मी पदाधिकारियों की गतिविधियों पर नजर रखी। भीम आर्मी के तहसील अध्यक्ष नरेंद्र लांबा का आरोप है कि वह पीड़ित परिवार से मिलकर न्याय की मांग के लिए शांतिपूर्वक मेरठ जा रहे थे, लेकिन उन्हें घरों में ही रोक दिया गया। उनका कहना है कि इससे उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हुआ है।
