48 घंटे से मोहल्ला बेरुन कोटला की आपूर्ति ठप, बहाली न होने पर प्रदर्शन की चेतावनी

दूसरे मोहल्लों में भी आपूर्ति का बुरा हाल, बार-बार कट लगने से लोग परेशान

देवबंद। मोहल्ला बेरुन कोटला में पिछले 48 घंटे से विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी है। जिस कारण सैकड़ों परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतों के बावजूद बिजली आपूर्ति बहाल न होने से लोगों में विद्युत निगम के प्रति रोष बना हुआ है। चेतावनी दी है कि शीघ्र आपूर्ति बहाल न हुई तो बिजलीघर पर प्रदर्शन किया जाएगा।

नगर में पिछले कई दिनों से चरमराई विद्युत व्यवस्था पटरी पर आने का नाम नहीं ले रही है। अघोषित विद्युत कटौती, फाल्ट और बार-बार लगने वाले कट से उपभोक्ता परेशान आ चुके हैं। शहर में आपूर्ति का क्या हाल है इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मोहल्ला बेरुन कोटला में 48 घंटे से आपूर्ति ठप पड़ी है। शिकायतों के बावजूद कोई समाधान नहीं किया जा रहा है। जिससे लोगों में रोष बना हुआ है और अब उन्होंने बिजलीघर पर धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। जुगाड़ के भरोसे चल रही विद्युत लाइनों में किसी भी समय फाल्ट हो जाता है। जिससे भीषण गर्मी में कई-कई घंटे आपूर्ति बंद रहती है। बार बार कट लगना और लॉ-वोल्टेज का कारण पेयजल संकट भी गहरा गया है। मोहल्ला खानकाहवासी शब्बीर, वसी, फूलमियां, नदीम आदि का आरोप है कि अधिकारी या तो फोन नहीं उठाते या फिर उनके मोबाइल बंद मिलते हैं। वह शिकायत करें तो किससे करें। वहीं, अवर अभियंता विष्णु कोठारी का कहना है कि भीषण गर्मी के कारण अधिक लोड पड़ रहा है। जिस कारण बार-बार ट्रिपिंग की समस्या आ रही है। जहां भी आपूर्ति बाधित है उसका सुचारु करने का काम किया जा रहा है।

Leave a Reply