अयोध्या पहुंचने पर CM योगी ने केजरीवाल को घेरा तो AAP संयोजक बोले- ‘महाराज जी, आपकी कुर्सी…’

अयोध्या पहुंचने पर CM योगी ने केजरीवाल को घेरा तो AAP संयोजक बोले- ‘महाराज जी, आपकी कुर्सी…’

राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी विवाद के बीच आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शुक्रवार (26 जून) को अयोध्या पहुंचे. उन्होंने हनुमानगढ़ी में पूजा-अर्चना की. इस पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने उन्हें घेरते हुए दिल्ली को बर्बाद करने और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए. जिसके बाद अरविंद केजरीवाल ने भी जवाब दिया.

अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”महाराज जी, आप चंदा चोरों का क्यों साथ दे रहे हो? ये चंदा चोर आपको भी हटाने का षड्यंत्र कर रहे हैं. आपकी कुर्सी भी नहीं छोड़ेंगे. भगवान राम के घर हुई महा डकैती के राक्षसों को सरे आम फांसी दिलवाने के मेरे संघर्ष में आप मेरा साथ दीजिए. इस महापाप में भागीदार मत बनिए.”

जो डकैत और माफिया हैं वो अभी भी बचे हुए- संजय सिंह

वहीं AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा, ”अरविंद केजरीवाल गुरुवार (25 जून) को प्रभु श्रीराम का दर्शन करने के लिए अयोध्या पहुंचे. जब वो आए तो उसके बाद आनन फानन में कुछ छोटी मछलियों के खिलाफ एफआईआर लिखी गई. कुछ मामूली चोरी में पकड़े गए लोगों के खिलाफ एफआईआर लिखी गई लेकिन जो डकैत हैं, माफिया हैं वो अभी भी बचे हुए हैं. चंपत राय के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई? गोपाल राव, अनिल मिश्रा के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई?”

केजरीवाल के खिलाफ बयान देने से क्या होगा- संजय सिंह

उन्होंने कहा, ”मैं देख रहा हूं कि सीएम योगी आदित्यनाथ अरविंद केजरीवाल के खिलाफ बयान दे रहे हैं. अरे, हमलोगों के खिलाफ बयान देने से क्या हो जाएगा? आपको तो इन चोरों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए. चंदा चोरों को पकड़कर जेल में डालना चाहिए. आप अपना काम कर नहीं रहे हैं और केजरीवाल के खिलाफ बोल रहे हैं. मुझे लगता है कि प्रभु श्रीराम के मंदिर में जो लूट हुई है, जमीन खरीद के नाम पर, दान पात्र की लूट हुई है. निर्माण कार्यों में लूट हुई है, इन सभी की गहनता से जांच कराकर सारी बड़ी मछलियों, बड़े माफियाओं को जेल में डालना पड़ेगा. तभी इस पूरे प्रकरण का खुलासा हो पाएगा और सच्चाई सामने आ पाएगी.”

योगी आदित्यनाथ ने अरविंद केजरीवाल को घेरा

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलते हुए कहा, ”दिल्ली से भी एक सज्जन अयोध्या आए हैं और मैं उनसे भी कहना चाहूंगा कि दिल्ली की जनता ने उन्हें 15 साल तक मौका दिया, लेकिन दिल्ली को उन्होंने बर्बादी और भ्रष्टाचार के सिवाय कुछ भी नहीं दिया. आज मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि अयोध्या को डबल इंजन की सरकार ने 9 साल में जो सजाया, संवारा है. इस मॉडल को देखें और फिर अपने कारनामे पर पश्चाताप करो.”

उन्होंने आगे कहा, ”अयोध्या के साथ जो न्याय बीजेपी की डबल इंजन की सरकार ने किया है, अगर यही न्याय आम आदमी पार्टी दिल्ली के साथ करती तो दिल्ली भी ऐसे ही चमकती जैसे कि आज अयोध्या धाम चमक रहा है. चारों तरफ फोरलेन की कनेक्टिविटी है, इंटरनेशनल एयरपोर्ट है. ये डबल इंजन की सरकार यही कार्य करती है.”

Leave a Reply