वियतनाम जाने की चर्चा के बीच कांग्रेस ने शेयर की राहुल गांधी की तस्वीर, क्या कुछ कहा?
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कथित वियतनाम दौरे को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच कांग्रेस ने बुधवार (21 अक्टूबर) को एक तस्वीर साझा की है। इसमें राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा नई दिल्ली में विजन IAS कोचिंग संस्थान के छात्रों से मुलाकात करते नजर आ रहे हैं। यह तस्वीर ऐसे समय सामने आई है, जब बीजेपी राहुल गांधी की विदेश यात्रा को लेकर लगातार सवाल उठा रही है।
विजन IAS के छात्रों ने राहुल-प्रियंका के सामने रखीं समस्याएं
कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करते हुए बताया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने विजन IAS कोचिंग संस्थान के छात्रों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
पार्टी के मुताबिक, छात्रों ने संस्थान में पढ़ाई की गुणवत्ता, मेंटरशिप और स्टडी मटेरियल के स्तर में आई भारी गिरावट को लेकर गंभीर चिंता जताई। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि फीस वापस करने की उनकी मांगों पर संस्थान के प्रबंधन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी जा रही है।
राहुल गांधी के वियतनाम जाने के दावे पर बीजेपी ने उठाए सवाल
दरअसल, राहुल गांधी की विदेश यात्रा को लेकर बीजेपी लगातार कांग्रेस पर निशाना साध रही है। बीजेपी ने 19 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें राहुल गांधी के विमान में होने का दावा किया गया।
वीडियो के साथ बीजेपी ने तंज कसते हुए लिखा था, ‘झूठ फैलाते-फैलाते थक गया… कुछ दिन वियतनाम घूम आता हूं… किसी को क्या ही पता चलेगा!’
इसके बाद बीजेपी ने शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत के बयान को लेकर भी राहुल गांधी पर सवालों की बौछार कर दी। पार्टी ने पूछा कि राहुल गांधी वियतनाम में किससे मिलने वाले हैं और देश की सीमाओं के बाहर आखिर किस तरह की योजना बनाई जा रही है?
बीजेपी ने यह भी सवाल उठाया कि राहुल गांधी के भारत लौटने के बाद ऐसा क्या बदलने वाला है, जिसे लेकर संजय राउत बयान दे रहे हैं।
रवनीत बिट्टू और प्रदीप भंडारी ने भी साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने दावा किया कि राहुल गांधी अपने कुछ जैन दोस्तों के साथ विदेश में मौज-मस्ती कर रहे हैं। वहीं बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने एबीपी न्यूज से बातचीत में राहुल गांधी की कथित विदेश यात्रा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विदेश में छुट्टी मनाने गए हैं, लेकिन यह स्पष्ट होना चाहिए कि वह किससे मिलने गए हैं।
कांग्रेस का पलटवार, इमरान मसूद ने पीएम मोदी को घेरा
बीजेपी के आरोपों पर कांग्रेस ने भी पलटवार किया है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं को लेकर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कहां-कहां घूम रहे हैं, उस पर सवाल क्यों नहीं उठाए जाते? इमरान मसूद ने बीजेपी के हमलों को लेकर दोहरे मापदंड का आरोप लगाया।
वहीं तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत रॉय ने कहा कि राहुल गांधी चार दिनों के लिए वियतनाम गए हैं। वह नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं, ऐसे में उनकी यात्रा को लेकर बीजेपी को इतनी चिंता क्यों हो रही है?
SIR को लेकर लगातार बीजेपी पर हमलावर हैं राहुल गांधी
गौरतलब है कि राहुल गांधी पिछले कई दिनों से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर केंद्र सरकार तथा चुनाव आयोग पर हमलावर हैं।
उन्होंने दिल्ली में आयोजित कई विरोध मार्च में हिस्सा लिया था। इसके अलावा 18 अक्टूबर को गोवा में कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान भी उन्होंने एसआईआर के मुद्दे पर बीजेपी को घेरा था।
अब कथित वियतनाम यात्रा पर जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की छात्रों के साथ मुलाकात की तस्वीर सामने आने से इस विवाद में नया मोड़ आ गया है।
