नानौता में घर से आभूषण चोरी का खुलासा, सुनार समेत दो गिरफ्तार
जंधेड़ी गांव में संदूक का कब्जा तोड़कर हुई थी चोरी, पुलिस ने सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए
नानौता (सहारनपुर)। नानौता थाना पुलिस ने गांव जंधेड़ी में एक घर से आभूषण और नकदी चोरी होने के मामले का खुलासा करते हुए सुनार समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक देहात मयंक पाठक ने प्रेस वार्ता में कार्रवाई की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर की रात गांव जंधेड़ी निवासी बाला के घर में संदूक का कब्जा तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और 2,500 रुपये चोरी कर लिए गए थे। पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
थानाध्यक्ष विकास चारण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मैसी पुत्र नाथीराम को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि उसके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने एक जोड़ी सोने के कुंडल राहुल वर्मा नामक सुनार को बेचने की जानकारी दी। इसके आधार पर पुलिस ने 20 अक्टूबर को राहुल वर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष विकास चारण ने कहा कि क्षेत्र में अपराध रोकने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
