शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह में 24 अक्टूबर को होगा ‘नवम’ दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन

मेधावी विद्यार्थियों को प्रदान किए जाएंगे स्वर्ण पदक एवं उपाधियाँ, चेयरमैन डॉ. शोभित कुमार जी होंगे मुख्य अतिथि 

शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह में दिनांक 24 अक्टूबर 2026, शनिवार को ‘नवम’ दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर पीएचडी (डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी), स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की जाएँगी, जबकि उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया जाएगा। समारोह का शुभारम्भ प्रातः 10:00 बजे होगा।

‘नवम’दीक्षांत समारोह के आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के कुलपति प्रो.(डॉ.) बूटा सिंह सिद्धू ने बताया कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत, लगन और शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित करने का एक विशेष अवसर है। यह विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव के साथ-साथ उनके जीवन में एक नए अध्याय का आरम्भ भी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि विश्वविद्यालय से प्राप्त ज्ञान, कौशल और संस्कार विद्यार्थियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने तथा समाज एवं राष्ट्र के विकास में सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित करेंगे।

कुलपति प्रो.(डॉ.) बूटा सिंह सिद्धू ने बताया कि इस समारोह में नाइस सोसायटी के चैयरमेन डॉ. शोभित कुमार जी आमंत्रित मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वे उत्तीर्ण विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान करेंगे तथा उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदकों से सम्मानित करेंगे। ‘नवम’दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कुँवर शेखर विजेंद्र जी करेंगे। इस अवसर पर विभिन्न पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

कुलपति ने आगे बताया कि इस गरिमामय समारोह में दिल्ली, मेरठ, हरियाणा, सहारनपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से विभिन्न प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत अतिथि शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के सभी विद्यालयों, विभागों, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के समन्वित प्रयासों से समारोह को गरिमामय एवं यादगार बनाने की तैयारियाँ की जा रही हैं। यह आयोजन विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरव का अवसर होगा और विद्यार्थियों की उपलब्धियों को उत्सव के रूप में मनाने का मंच प्रदान करेगा। समारोह के लिए निर्धारित परिधान एवं अंगवस्त्र होंगे, जो आयोजन की गरिमा को विशेष रूप से प्रदर्शित करेंगे।

इस अवसर पर कुलसचिव प्रो.(डॉ.) महिपाल सिंह ने सभी उपाधि प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को अग्रिम बधाई दी। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह किसी भी छात्र के जीवन का एक ऐतिहासिक पड़ाव होता है, जहां से वे देश और समाज के निर्माण में अपनी नई यात्रा की शुरुआत करते हैं। कुलसचिव प्रो.(डॉ.) महिपाल सिंह ने मीडिया के सभी प्रतिनिधियों को ‘नवम’ दीक्षांत समारोह में गरिमामयी उपस्थिति के लिए आमंत्रित किया तथा विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं महत्वपूर्ण आयोजनों को जन-जन तक पहुँचाने में उनके निरंतर सहयोग और सकारात्मक सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर संस्था के केयर टेकर सूफ़ी ज़हीर अख्तर जी, डीन हेल्थ साइंसेज़ प्रो.(डॉ.) रणजीत सिंह, डीन एकेडमिक्स प्रो.(डॉ.) तरुण कुमार शर्मा, प्रो.(डॉ.) राजीव दत्ता, प्रो.(डॉ.) विकास कुमार शर्मा, प्रो.(डॉ.) प्रशांत कुमार, प्रो.(डॉ.) गुंजन अग्रवाल, प्रो.(डॉ.) जसवीर सिंह राणा, प्रो.(डॉ.) शरद पांडेय, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. सोमप्रभ दुबे, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. शीबा झा, डॉ. उस्मान, अजय शर्मा, वित्त लेखा अधिकारी जसवीर सिंह, एस्टेट ऑफिसर गौरव मित्तल तथा विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. बलराम टाँक भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply