शोभित विश्वविद्यालय गंगोह में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारम्भ “डिस्कवर यू-2026” ओरिएंटेशन एंड इंडक्शन एवं “विद्यार्थी संवाद” कार्यक्रम का आयोजन

शोभित विश्वविद्यालय गंगोह में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारम्भ “डिस्कवर यू-2026” ओरिएंटेशन एंड इंडक्शन एवं “विद्यार्थी संवाद” कार्यक्रम का आयोजन

गंगोह [24CN] : शोभित विश्वविद्यालय गंगोह में 24 अगस्त 2026 दिन सोमवार को सत्र-2026 में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं उन्हें विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से परिचित कराने के उद्देश्य से दो दिवसीय दीक्षारम्भ “डिस्कवर यू-2026” ओरिएंटेशन एंड इंडक्शन एवं “विद्यार्थी संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दो दिवसीय इस कार्यक्रम में वर्ष भर में संचालित किये जाने वाले पाठ्यक्रम सम्बंधित जानकारी व परीक्षा कार्यक्रम व अनेक विशेष जानकारियों से सभी छात्रों को अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री कुँवर शेखर विजेंद्र जी कुलाधिपति, शोभित विश्वविद्यालय, श्री अरविंद कुमार चौहान जी जिलाधिकारी सहारनपुर, श्री अभिनंदन जी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर, श्री सुमित राजेश महाजन जी मुख्य विकास अधिकारी, सहारनपुर, प्रो. राजीव आहूजा निदेशक आईआईटी रोपड़, श्री रामवीर सिंह जी, जिला रोजगार अधिकारी सहारनपुर, उच्च शिक्षा अधिकारी, सहारनपुर डॉ. इंद्र देव सिंह जी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक श्री राम करण सिंह यादव जी, शुभावारी चौहान, सीईओ, शुभावारी ऑर्गेनिक प्राइवेट लिमिटेड, प्रो.(डॉ.) बी.एस. सिद्धू, कुलपति शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ पुरे विधि-विधान से उपस्थित मुख्य अतिथि एवं गणमान्यों ने मां सरस्वती व बाबू विजेंद्र कुमार जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। तत्पश्चात सरस्वती वंदना एवं विश्वविद्यालय कुलगीत का सामूहिक गायन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में विश्वविद्यालय की ओर से उपस्थित मुख्य अतिथि एवं गणमान्यों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र में कार्यक्रम संयोजक प्रो.(डॉ.) आरिफ नसीर द्वारा अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर केयरटेकर सूफी जहीर अख्तर जी एवं डीन, स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेज, प्रो.(डॉ.) रणजीत सिंह, डीन एकेडमिक्स प्रो.(डॉ.) तरुण शर्मा एवं चीफ प्रॉक्टर प्रो.(डॉ.) भूपेंद्र चौहान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनका मार्गदर्शन किया। तत्पश्चात जिला रोजगार अधिकारी, सहारनपुर श्री रामवीर सिंह द्वारा विशेष व्याख्यान दिया गया। तत्पश्चात प्रो. राजीव आहूजा, निदेशक, आईआईटी रोपड़ एवं सुश्री शुभावारी चौहान, सीईओ, शुभावारी ऑर्गेनिक प्राइवेट लिमिटेड ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को विशेष व्याख्यान के माध्यम से संबोधित किया। अपने व्याख्यान में उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा, नवाचार, कौशल विकास एवं रोजगार के अवसरों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर बीएनवाईएस विद्यार्थियों द्वारा योग प्रस्तुति के साथ विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाती आकर्षक प्रस्तुतियां भी दी गई, जिनमें मराठी, पहाड़ी, पंजाबी, राजस्थानी, बंगाली, हरियाणवी, गुजराती एवं उत्तर प्रदेश की प्रस्तुतियां शामिल रही। इस अवसर पर कुलपति प्रो.(डॉ.) बी. एस. सिद्धू ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने हेतू शुभकामनाएं दी एवं उनके उज़्ज़वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के पश्चात नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण किया तथा टैलेंट हंट, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा प्रदर्शित की।

कार्यक्रम के दूसरे सत्र “विद्यार्थी संवाद” की शुरुआत डीन स्कूल ऑफ़ एजुकेशन प्रो.(डॉ.) प्रशांत कुमार के स्वागत उद्धबोधन के साथ हुई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को जनपद के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ संवाद का अवसर प्राप्त हुआ। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, सहारनपुर श्री सुमित राजेश महाजन जी ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए विकास एवं प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की। इसके पश्चात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर श्री अभिनंदन जी ने विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें अनुशासन, जिम्मेदारी एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी, सहारनपुर श्री अरविंद कुमार चौहान जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के साथ-साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से व्यक्तिगत संवाद करते हुए उनके प्रश्नों को सुना और सहजता एवं विस्तार से उनके प्रश्नों के उत्तर देकर उनका मार्गदर्शन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहते हुए ज्ञान, कौशल एवं सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर शोभित विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री कुंवर शेखर विजेंद्र जी ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को आशीर्वचन प्रदान करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में प्रवेश विद्यार्थियों के जीवन की एक नई यात्रा का शुभारंभ है। उन्होंने विद्यार्थियों को ज्ञान, अनुशासन, नवाचार एवं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में अपने जीवन के उद्देश्य को स्पष्ट रखते हुए शिक्षा के माध्यम से अपने सपनों को साकार करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। माता-पिता के सपनों को पूरा करने के साथ-साथ जो वे स्वयं हासिल नहीं कर सके, उसे आगे बढ़ाना ही युवाओं की ‘सपनों की उड़ान’को नई दिशा देगा।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं सामूहिक छायाचित्र के साथ हुआ।

Leave a Reply