मेरे सपनों का भारत: छात्र-छात्राओं ने कलाकृतियों में दिखाई विकसित भारत की तस्वीर

मेरे सपनों का भारत: छात्र-छात्राओं ने कलाकृतियों में दिखाई विकसित भारत की तस्वीर

सहारनपुर, 30 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत तहसील सदर परिसर में ‘मेरे सपनों का भारत’ सेवा चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में पुंवारका और बलियाखेड़ी विकासखंड के साथ नगर क्षेत्र सहारनपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालयों तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

प्रदर्शनी का उद्घाटन नगर विधायक राजीव गुंबर और भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई ने किया। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों की सराहना की।

कलाकृतियों में दिखी विकसित भारत की कल्पना

छात्र-छात्राओं ने ‘विकसित भारत’ की संकल्पना को अपनी कल्पनाओं और कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से कागज पर उतारा। कलाकृतियों में पिछले वर्षों में भारत की विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, आधारभूत संरचना और डिजिटल भुगतान समेत विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति को दर्शाया गया।

श्रेष्ठ कलाकृतियां तैयार करने वाले प्रतिभागियों को विधायक राजीव गुंबर, भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, उप जिलाधिकारी सदर सुबोध कुमार और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कोमल ने पुरस्कार प्रदान किए।

उच्च प्राथमिक विद्यालय वर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय शरबतपुर, विकासखंड बलियाखेड़ी की नैंसी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उच्च प्राथमिक विद्यालय मलहिपुर, विकासखंड बलियाखेड़ी के आयुष को द्वितीय तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय सोना, विकासखंड पुंवारका की आयुषी को तृतीय स्थान मिला। माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को भी प्रमाणपत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए।

लक्ष्य ऊंचा रखें और मेहनत से उसे हासिल करें: गुंबर

विधायक राजीव गुंबर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें अपने जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर कठिन परिश्रम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए सभी को निरंतर प्रयास करने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से भारत के भविष्य को लेकर जो सपने प्रस्तुत किए हैं, उन्हें वास्तविकता में बदलने के लिए मेहनत और लगन जरूरी है। विधायक ने विद्यार्थियों के साथ-साथ उन शिक्षकों का भी आभार जताया, जिन्होंने बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए इन कलाकृतियों को तैयार कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उप जिलाधिकारी सदर सुबोध कुमार ने विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के लिए मेहनत करते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रदर्शनी में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों का आभार भी व्यक्त किया।

Leave a Reply